Search

November 28, 2026 6:52 pm

तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवारों को रौंदा, एक युवक की मौत; दो गंभीर घायल

चालक वाहन से कूदकर फरार, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया हंगामा; मुआवजे और सड़क पर ब्रेकर बनाने की मांग को लेकर जाम।

पाकुड़ में तेज रफ्तार वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार दोपहर करीब 3:30 बजे कालिकापुर बाईपास मुख्य सड़क पर टेकरीवाल पेट्रोल पंप के समीप एक तेज रफ्तार 16 चक्का वाहन ने बाइक सवार तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मुफ्फसिल थाना क्षेत्र शहबाजपुर निवासी अकील शेख (22) की मौत हो गई, जबकि लालू शेख (40) और इनामुल शेख घायल हो गए। लालू की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि अकील वाहन के साथ काफी दूर तक घिसटते चले गए। बाद में उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक गाड़ी से कूदकर फरार हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना प्रभारी गौरव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को सदर अस्पताल सोनाजोड़ी पहुंचाया। वहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। युवक की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए वाहन में तोड़फोड़ की। इस दौरान पुलिस के साथ भी अभद्र व्यवहार किए जाने की सूचना है। ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को मुआवजा देने और पेट्रोल पंप के समीप सड़क पर ब्रेकर बनाने की मांग उठाई। उनका कहना है कि इस मोड़ पर लगातार लोगों की आवाजाही रहती है और वाहनों की तेज रफ्तार के कारण हादसे की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों का आक्रोश सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर रहा है। जागरूकता अभियान और गति नियंत्रण के उपायों के बावजूद सड़कों पर बेलगाम रफ्तार लोगों की जान ले रही है। खबर लिखे जाने तक ग्रामीणों का सड़क जाम जारी था। पुलिस स्थिति नियंत्रित करने में जुटी थी। वाहन का पंजीकरण नंबर JH 04 U 4925 बताया गया है। घायल दोनों व्यक्ति की स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है।

IMG 20261127 WA0029
IMG 20261127 WA0033
IMG 20261127 WA0030

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!