सिंधी समाज ने नगर थाना में दिया आवेदन, धमकी का भी लगाया आरोप।
पाकुड़। शहर के मालगोदाम रोड स्थित जेबी नंबर 50, दाग नंबर 2054 की भूमि पर कथित कब्जे और चारदीवारी निर्माण को लेकर विवाद गहरा गया है। पाकुड़ सिंधी पंचायत ने मंगलवार को नगर थाना में आवेदन देकर निर्माण कार्य तत्काल रोकने और शांति-व्यवस्था बनाए रखने की मांग की है। आवेदन में पंचायत ने दावा किया है कि उक्त भूमि का उपयोग करीब 70 वर्षों से सिंधी एवं पंजाबी समाज समेत हिंदू समाज के लोगों के दाह-संस्कार के लिए सार्वजनिक श्मशान भूमि के रूप में होता रहा है। आरोप है कि कुछ लोग जबरन भूमि पर कब्जा कर चारदीवारी का निर्माण करा रहे हैं। विरोध करने पर संबंधित लोगों की ओर से जान से मारने की धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
पंचायत के अनुसार, पूर्व में भी भूमि पर कब्जे का प्रयास हुआ था, जिसके बाद मामला अनुमंडल न्यायालय तक पहुंचा था। पंचायत का कहना है कि निर्माण के लिए संबंधित पक्ष के पास कोई आदेश नहीं है। आवेदन में पुलिस से स्थल पर निर्माण रुकवाने, भूमि व दस्तावेजों की जांच कराने तथा धमकी के मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है। साथ ही संभावित विवाद को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती का आग्रह किया गया है। आवेदन की प्रतिलिपि एसपी को भी दी गई है।





