Search

September 17, 2026 3:32 am

अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतरा 18 चक्का ट्रेलर, बड़ा हादसा टला

पाकुड़। नगर थाना क्षेत्र के सोनाजोड़ी-हिरणपुर मुख्य मार्ग पर आईटीआई कॉलेज के समीप बुधवार को एक 18 चक्का ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। बताया गया कि ट्रेलर संख्या डब्ल्यूबी 59 जे 4940 पाकुड़ से हिरणपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और ट्रेलर सड़क किनारे नीचे जा उतरा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय चालक और उपचालक कथित रूप से नशे में थे। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हादसे के बाद चालक और उपचालक मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रेलर को जब्त कर लिया। पुलिस फरार चालक और उपचालक की तलाश में जुटी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह सड़क हादसों के लिहाज से संवेदनशील क्षेत्र है। इसी स्थान के आसपास पूर्व में भी एक सात वर्षीय बच्चे की हाईवा की चपेट में आने से मौत हो चुकी है। ऐसे में स्थानीय लोगों ने भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर रोक लगाने और नियमित जांच की मांग की है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!