नया ट्रांसफार्मर लगने से बहाल हुई आपूर्ति, ग्रामीणों ने जताया आभार
अमर भगत
अमड़ापाड़ा/पाकुड़। प्रखंड क्षेत्र की सिंगारसी पंचायत के सजनीपाड़ा गांव स्थित अम्बड़ाकुंडी टोला में करीब चार साल बाद शुक्रवार को बिजली की रोशनी लौटी। लंबे समय से खराब पड़े ट्रांसफार्मर के कारण बिजली से वंचित ग्रामीणों के घरों में आपूर्ति बहाल होते ही पूरे टोला में खुशी का माहौल बन गया। बिजली आने पर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों के अनुसार, टोला का ट्रांसफार्मर करीब चार वर्षों से खराब पड़ा था। इसके कारण ग्रामीणों को लंबे समय तक अंधेरे में रहना पड़ा। समस्या के समाधान के लिए ग्रामीणों ने कई बार संबंधित विभाग से शिकायत की, लेकिन ट्रांसफार्मर नहीं बदला जा सका। इसी दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्या की जानकारी भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुनील पहाड़िया को दी। सूचना मिलने पर उन्होंने अम्बड़ाकुंडी टोला पहुंचकर ग्रामीणों से मुलाकात की और बिजली समस्या की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने बिजली विभाग के कनीय अभियंता से संपर्क कर मामले में शीघ्र कार्रवाई का आग्रह किया।
मामले की जानकारी मिलने के बाद बिजली विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर स्थिति का भौतिक सत्यापन किया। सत्यापन के बाद विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया। शुक्रवार को बिजली आपूर्ति बहाल होते ही टोला के घर रोशनी से जगमगा उठे।
बिजली आई तो खिले ग्रामीणों के चेहरे
चार साल के लंबे इंतजार के बाद बिजली बहाल होने से ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा गया। ग्रामीणों ने कहा कि बिजली नहीं रहने के कारण बच्चों की पढ़ाई के साथ घरेलू और रोजमर्रा के कामों में काफी परेशानी होती थी। अब बिजली आने से इन समस्याओं से राहत मिलेगी।
ग्रामीण बबलू पहाड़िया, कमलेश पहाड़िया, जोमे पहाड़िया, कामु पहाड़िया, सिंगे पहाड़िया, सोनिया पहाड़िया, कमली पहाड़िन, रंगीला पहाड़िन और जूरी पहाड़िन समेत अन्य ग्रामीणों ने बिजली विभाग और सुनील पहाड़िया के प्रति आभार जताया। ग्रामीणों ने कहा कि लंबे समय से चली आ रही समस्या के समाधान से उन्हें बड़ी राहत मिली है।






