Search

September 10, 2026 8:05 pm

जेल की रसोई से कैदियों की सुविधाओं तक जांच, भोजन की गुणवत्ता परखी।

पाकुड़। झारखंड हाईकोर्ट के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) की टीम ने बुधवार को पाकुड़ मंडल कारागार का औचक निरीक्षण किया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डालसा अध्यक्ष दिवाकर पांडेय के निर्देश पर डालसा सचिव रूपा बंदना किरो के नेतृत्व में टीम ने जेल में कैदियों को मिल रही सुविधाओं और भोजन की व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान टीम ने जेल के रसोईघर में पहुंचकर भोजन की गुणवत्ता, निर्धारित मैन्यू के अनुसार खाना तैयार होने, पेयजल और साफ-सफाई की व्यवस्था की बारीकी से जांच की। टीम ने यह भी देखा कि कैदियों को जेल मैन्युअल में निर्धारित मानकों के अनुरूप पौष्टिक एवं स्वच्छ भोजन मिल रहा है या नहीं। जांच के दौरान भोजन व्यवस्था मैन्यू के अनुरूप और संतोषजनक पाई गई। डालसा सचिव ने जेल प्रशासन को स्वच्छता, भोजन की गुणवत्ता और रखरखाव को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मानवाधिकारों की सुरक्षा भी न्याय व्यवस्था का हिस्सा: डालसा सचिव रूपा बंदना किरो ने कहा कि न्यायिक व्यवस्था का उद्देश्य केवल न्याय दिलाना नहीं, बल्कि जेल में बंद लोगों के मानवाधिकारों की रक्षा करना और उन्हें सम्मानजनक जीवन की मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना भी है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर जेलों का निरीक्षण किया जाता है, ताकि किसी तरह की लापरवाही या अनियमितता की गुंजाइश न रहे। निरीक्षण के दौरान डालसा कर्मी और जेल प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!