संजीव सिंह
पाकुड़ वन विभाग की टीम ने महेशपुर-मुरारोई पथ पर इंग्लिशपाड़ा गांव के समीप से जुगाड़ वाहन में लदा 28 बोटा अवैध लकड़ी को जब्त किया है। जानकारी के अनुसार वन प्रमंडल पदाधिकारी पाकुड़ रजनीश कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि जुगाड़ वाहन में अवैध रूप से लकड़ी लाद कर पश्चिम बंगाल की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर डीएफओ ने वन क्षेत्र पदाधिकारी पाकुड़ रामबालक प्रसाद को मामले में त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। डीएफओ के निर्देश मिलते ही वन क्षेत्र पदाधिकारी रामबालक प्रसाद, महेशपुर प्रखंड वन विभाग कार्यालय के वनरक्षी सुनील कुमार साह तथा गृह रक्षक अधीर घोष महेशपुर सोनारपाड़ा पथ पर तैनात हो गए। कुछ ही देर में लकड़ी लदा जुगाड़ वाहन आता दिखा। वन विभाग की टीम को देखते ही जुगाड़ वाहन चालक वाहन छोड़ कर फरार हो गया। पदाधिकारियों ने 28 बोटा अवैध लकड़ी लदे भुटभुटिया वाहन को जब्त कर लिया। वाहन समेत लकड़ी को वन प्रमंडल कार्यालय पाकुड़ ले जाया गया है। जब्त किए गए अवैध लकड़ी में इमली तथा अर्जून की लकड़ी का बोटा शामिल है।










