कांग्रेस पार्टी का अकाउंट फ्रीज कर निष्पक्ष चुनाव नहीं होने देना चाहती केंद्र सरकार, पाकुड़ में बोले ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम।
बजरंग पंडित
पाकुड़: सूबे के ग्रामीण विकास मंत्री सह स्थानीय विधायक आलमगीर आलम ने जिला कांग्रेस कार्यालय के सभागार में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के अकाउंट को फ्रीज कर केंद्र सरकार चाहती है कि निष्पक्ष चुनाव ना हो. वह देश की राजनीति पर एकाधिकार चाहती है. इसीलिए कांग्रेस का बैंक अकाउंट फ्रीज किया गया है. उन्होंने सवाल उठाया कि अगर 14 लाख 40 हजार रुपए के टैक्स का मामला है तो उतनी ही रकम फ्रीज़ करनी चाहिए थी. लेकिन, केंद्र सरकार ने 285 करोड़ रुपए फ्रीज़ कर दिए. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार चाहती है कि भाजपा को वाक ओवर मिल जाए और वह इस लोकसभा चुनाव में जीत हासिल कर ले. इसीलिए, केंद्र सरकार की एजेंसियों का इस्तेमाल कर विपक्षी पार्टियों को परेशान किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि भाजपा स्वच्छ और भ्रष्टाचार विरोधी होने का दावा करती है तो यह बताए कि उसे इलेक्टोरल बांड के तौर पर 8225 करोड़ रुपए किसने दिए. यह रकम कहां से आई. जिनकी हैसियत दो करोड़ रुपए की नहीं है, वह भाजपा को 200 करोड़ रुपए कहां से दान कर रहे है । मौके पर प्रदेश अध्यक्ष मानसारुल हक, जिला सोशल मीडिया प्रभारी पियारूल इस्लाम, दिलदार हुसैन, अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष शाहिन परवेज राजेश डोकानिया सहित आदि उपस्थित थे.





