हड़ताल के कारण हो रही है कई योजनाएं प्रभावित
सतनाम सिंह
मनरेगा कर्मी दिनांक 18 जुलाई 2024 से 20 जुलाई 2024 तक सांकेतिक हड़ताल के पश्चात 22 जुलाई से अपने वेतनमान एवं स्थायीकरण मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे हैं। मनरेगा कर्मी के हड़ताल में जाने से वर्तमान में बिरसा हरित ग्राम योजना, पोटो हो खेल मैदान योजना, अबुआ आवास योजना, मजदूरों का एनपीसीआई मैपिंग जैसे कार्य प्रभावित हो रहे हैं। मजदूरों को काम नहीं मिल रहा है जिससे वो अन्य राज्यों की तरफ रुख हो रहे हैं। बता दें कि विगत विधानसभा चुनाव से पूर्व वर्तमान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने संविदा संवाद में सभी मनरेगाकर्मी को आश्वस्त किया था कि यदि उनकी सरकार बनती है तो संविदा कर्मी को वेतनमान भी देंगे और स्थायीकरण भी करेंगे। परन्तु इससे पूर्व तीन वर्ष पहले किये गये हड़ताल को तोड़ने के लिए सरकार ने कोविड का हवाला देते हुए कर्मियों को तत्काल इपीएफ इत्यादि लाभ देने के लिए पत्र निर्गत किया जो अब तक लागू नहीं हुआ है। सरकार की वादाखिलाफी को देखते हुए वादा निभाओ, स्थायी करो का नारा देते हुए सभी कर्मी हड़ताल पर डटे हुए हैं।





