महेशपुर थाना के पास से एसडीपीओ विजय कुमार ने हरी झंडी दिखाकर खुशी रथ को किया रवाना
खुशी मिशन के तहत 1 अक्टूबर तक गांवों-कस्बों में लगेगा ख़ुशी क्लास और खुशी चौपाल
एस कुमार
महेशपुर। पाकुड़ जिला के महेशपुर अनुमंडल में खुशी मिशन प्रारंभ हुआ। लाइफ केयर हॉस्पिटल, रांची और खुशी क्लास मिशन के तहत यह कार्यक्रम पूरे झारखंड में चलाया जा रहा है। गुरुवार को महेशपुर थाना के पास से एसडीपीओ विजय कुमार ने हरी झंडी दिखाकर खुशी रथ को रवाना किया। मौके पर एसडीपीओ ने कहा कि खुशहाल जिंदगी का आधार ही सकारात्मकता है। इसी सकारात्मकता में खुशी छुपी हुई है। आज के इस भागमभाग और गलाघोंटू प्रतिस्पर्धा में समाज तनाव, डिप्रेशन में चला जा रहा है। यहां तक की बच्चे आत्महत्या करने लगे हैं। ऐसे में यह खुशी मिशन समाज के लिए अमृत के समान है। खुशी मिशन के संस्थापक मुकेश सिंह चौहान के द्वारा गांवों में खुशी चौपाल और स्कूल-कॉलेजों में खुशी क्लास लगाकर तनाव, डिप्रेशन, आत्महत्या की प्रवृत्ति के खिलाफ मुहिम चलाने का यह अभियान काबिले तारीफ है। खासकर उस स्थिति में जब यह अभियान बिना किसी सरकारी या सामाजिक मदद के चलाया जा रहा है। समाज के सभी वर्गों को खुशी क्लास में सहयोग करनी चाहिए। खुशी रथ रवानगी के बाद गढ़बाड़ी उवि और प्रोजेक्ट उवि बड़कियारी में खुशी क्लास का आयोजन हुआ। मौके पर खुशी क्लास के संस्थापक सह संचालक मुकेश सिंह चौहान ने कहा कि मुश्किल-झंझावतों का मुकाबला आप कभी भी तनाव में रहकर नहीं कर सकते। तनाव मुश्किलों को और बढ़ा देता है। खुशी, सकारात्मकता में इतनी ताकत है कि यह आपको हर झंझावत से उबार कर मंजिल तक पहुंचा देती है। चौहान ने छात्रों से यह भी कहा कि अंको को कभी भी तनाव में नहीं लेना है। अंक मात्र सूचक है, जो आपको बता देता है कि अभी आप कहां हो। उन्होंने मिसाइल मैन के द्वारा कहे गए फेल शब्द को भी सकारात्मकता के साथ परिभाषित किया। बताया कि इसे आप कैसे प्रेरणा और चुनौती के रूप में ले सकते हैं। खुशी क्लास में बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। मौके पर थाना प्रभारी सन्नी सुप्रभात, एसआई रवि शर्मा, शिक्षक सरोज पांडेय, रोमा कुमारी, संजीव घोष, अमित पांडेय सहित अन्य मौजूद थे।






