अवैध पार्किंग को लेकर डीटीओ ने वसूला 14 हजार 700 रूपए का जुर्माना
सतनाम सिंह
उपायुक्त मृत्युंजय कुमार बरणवाल के निर्देशानुसार पाकुड़ शहर को जाम मुक्त बनाने हेतु कई दिशा निर्देश अनुमंडल पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, नगर परिषद प्रशासक एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी को दिए गए हैं। उक्त निर्देश के आलोक में रविवार देर शाम को अनुमंडल पदाधिकारी साईमन मरांडी, जिला परिवहन पदाधिकारी संजय पीएम कुजूर एवं प्रशासक, नगर परिषद राजकमल मिश्रा के द्वारा पाकुड़ नगर थाना से गांधी चौक तक अतिक्रमण एवं अवैध वाहन पार्किंग को लेकर जांच अभियान चलाया गया तथा आम लोगों से अपील की गई की सड़क तक दुकान का फैलाव ना करें तथा अपने निर्धारित स्थल पर ही दुकान को लगाए। सड़क पर बने सफेद पट्टी से तीन फीट छोड़कर ही अपने वाहन का पार्किंग करें अन्यथा आपके वाहन के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत् आर्थिक दंड की राशि वसूल की जाएगी। इस संबंध में रविवार को 11 दो पहिया एवं 1 चार पहिया वाहनों से अवैध पार्किंग को लेकर 14 हजार 700 रुपए का जुर्माने की राशि वसूल की गई तथा सभी को अंतिम हिदायत दिया गया कि इस तरह का परिचालन एवं अतिक्रमण न करें, अन्यथा अन्य कानूनी कार्रवाई करने हेतु जिला प्रशासन बाध्य होगा।







