Search

October 9, 2026 8:54 pm

मतदाता सूची दुरुस्त करने को 10 को सभी बूथों पर लगेगा शिविर

आयुक्त के सचिव ने एसआईआर कार्य की समीक्षा की, 12 से 16 अक्टूबर तक घर-घर जाकर नाम जोड़ेंगे बीएलओ

अमर भगत।

अमड़ापाड़ा (पाकुड़)। मतदाता सूची में त्रुटियों को दूर करने और नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए प्रशासन ने एसआईआर कार्य तेज कर दिया है। शुक्रवार को आयुक्त के सचिव सह क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार, दुमका के झुनू कुमार मिश्रा ने अमड़ापाड़ा प्रखंड कार्यालय पहुंचकर पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में त्रुटियों का निराकरण करने और पात्र मतदाताओं का नाम सूची में शामिल करने का निर्देश दिया।
समीक्षा के दौरान झुनू कुमार मिश्रा ने बीडीओ प्रमोद कुमार गुप्ता और सीओ औसाफ अहमद खां से एसआईआर की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की त्रुटियों को दूर करने में गंभीरता बरती जाए, ताकि पात्र मतदाताओं को किसी तरह की परेशानी न हो।

सभी बूथों पर लगेगा विशेष शिविर।

10 अक्टूबर को प्रखंड के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा। इसमें बीएलओ, संबंधित कर्मियों, मुखिया और गांव के बुद्धिजीवियों की मौजूदगी में मतदाता सूची की जांच कर त्रुटियों को दूर करने की कार्रवाई की जाएगी। 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवक-युवतियों का नाम मतदाता सूची में जोड़ने पर भी जोर रहेगा।

30 अक्टूबर तक चलेगी नाम जोड़ने की प्रक्रिया।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 12 से 16 अक्टूबर तक बीएलओ घर-घर जाकर पात्र मतदाताओं से संपर्क करेंगे। नाम जोड़ने की प्रक्रिया 30 अक्टूबर तक जारी रहेगी। आयुक्त के सचिव ने बीएलओ को फॉर्म-6 सावधानीपूर्वक भरने और पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने में निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने का निर्देश दिया।

दो मतदान केंद्रों का निरीक्षण

समीक्षा के बाद झुनू कुमार मिश्रा ने बड़दाहा स्थित मतदान केंद्र संख्या 185 और शहरघाटी स्थित मतदान केंद्र संख्या 225 का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदाता सूची में मिली त्रुटियों को दूर कर कार्य को सही तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया। मौके पर जिला परिवहन पदाधिकारी मो. मोजाहिद अंसारी, एई सुनील कुमार सहित संबंधित अधिकारी और कर्मी मौजूद थे।

IMG 20261009 WA0013

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!