Search

November 23, 2026 10:48 pm

जनशिकायत से खुली पीडीएस दुकान की पोल! सचिव के नाम पर खेल और दूसरे ठिकाने से राशन वितरण, अब लाइसेंस पर लटकी तलवार।

पलसा की आशा स्वयं सहायता समूह को तीन दिन का अल्टीमेटम, खतियान-लगान रसीद समेत मांगे गए दस्तावेज, जवाब नहीं मिलने पर निलंबन की अनुशंसा

इकबाल हुसैन

महेशपुर (पाकुड़)। जन वितरण प्रणाली में कथित अनियमितताओं को लेकर प्रशासन ने पलसा की आशा स्वयं सहायता समूह के खिलाफ सख्त रुख अपना लिया है। ग्रामीणों की शिकायत के बाद हुई कार्रवाई और औचक निरीक्षण में दुकान के संचालन से जुड़ी गंभीर खामियां सामने आई हैं। सचिव का नाम विभागीय रिकॉर्ड में नहीं बदलने और लाइसेंस में निर्धारित स्थान के बजाय दूसरे मकान से खाद्यान्न का भंडारण एवं वितरण किए जाने पर प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने समूह को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। मामले की शुरुआत पलसा पंचायत की मुखिया जमुना पहाड़िया एवं अन्य ग्रामीणों की शिकायत से हुई। शिकायत में उमेशा खातून पर कथित रूप से चार पदों पर कार्यरत रहने और उनके पति आबुल कलाम पर अवैध रूप से पेंशन का लाभ लेने का आरोप लगाया गया था। इस मामले में 11 सितंबर 2026 को जिला जन शिकायत कोषांग ने शिकायत की मूल प्रति उप विकास आयुक्त, जिला आपूर्ति पदाधिकारी और सामाजिक सुरक्षा कोषांग के सहायक निदेशक को भेजकर त्वरित कार्रवाई और जांच प्रतिवेदन मांगा था। इसके बाद 30 अक्टूबर को आशा स्वयं सहायता समूह की जन वितरण प्रणाली दुकान का औचक निरीक्षण किया गया। जांच में पाया गया कि पूर्व सचिव उमेशा खातून को पद से हटाने के लिए ग्रामसभा का प्रस्ताव तो पारित कराया गया, लेकिन विभागीय अनुज्ञप्ति और समूह के बैंक पासबुक में उनका नाम अब तक नहीं हटाया गया है। जबकि इस संबंध में पूर्व में भी समूह को स्पष्ट निर्देश दिया गया था। निरीक्षण में दूसरी बड़ी अनियमितता दुकान की चौहद्दी को लेकर मिली। अनुज्ञप्ति में जिस स्थान को दुकान के संचालन के लिए स्वीकृति दी गई है, वहां खाद्यान्न का भंडारण और वितरण नहीं किया जा रहा था। इसके बजाय किसी दूसरे मकान या स्थान से दुकान का संचालन किए जाने की बात सामने आई। इसे विभागीय नियमों का उल्लंघन माना गया है।

जमीन के कागजात भी देने होंगे।

प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने समूह से जमाबंदी संख्या 308/04, पलसा से संबंधित मकान का खतियान, अद्यतन लगान रसीद और अन्य वैध दस्तावेज मांगे हैं। साथ ही सचिव का नाम बदलने के लिए अब तक की गई कार्रवाई का पूरा ब्योरा भी तलब किया गया है। समूह को नोटिस प्राप्त होने के तीन दिनों के भीतर स्वयं उपस्थित होकर लिखित स्पष्टीकरण और सभी संबंधित दस्तावेज जमा करने का निर्देश दिया गया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर अनुज्ञप्ति निलंबित करने की अनुशंसा सक्षम पदाधिकारी से की जाएगी। अब इस मामले में प्रशासन की अगली कार्रवाई पर ग्रामीणों की नजरें टिकी हैं।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!