Search

November 23, 2026 10:48 pm

खबर का असर: जेल में डीलर, बाहर चल रही थी राशन दुकान; अब प्रशासन ने ठोका ताला, लाइसेंस निलंबित

दो महीने से न्यायिक हिरासत में था जनवितरण दुकानदार सुखेन घोष, खबर प्रकाशित होते ही हरकत में आया विभाग; कार्डधारियों का राशन दूसरे डीलर से जुड़ेगा।

इकबाल हुसैन

महेशपुर/पाकुड़: जेल में डीलर बंद था और इधर उसकी राशन दुकान धड़ल्ले से चल रही थी। दो महीने तक इस अजीबोगरीब व्यवस्था पर विभाग की चुप्पी बनी रही, लेकिन झारखंड की हकीकत अखबार और जीडी न्यूज में खबर प्रकाशित होते ही प्रशासन हरकत में आ गया। जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने जयपुर बरूंगा के जनवितरण प्रणाली विक्रेता सुखेन घोष का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। दरअसल, सुखेन घोष पिछले दो महीने से न्यायिक हिरासत में है। उसके खिलाफ जयपुर बरूंगा की मुखिया रोजमेरी मुर्मू ने न्यायालय में एससी/एसटी कांड संख्या 16/2023 दर्ज कराया है। इसके बावजूद दुकान से राशन वितरण जारी रहने का मामला सामने आया था। हैरानी की बात यह थी कि इस मामले में जांच का निर्देश दिए जाने के बाद भी लंबे समय तक कार्रवाई नहीं हुई। इससे विभागीय कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे थे।

अब दूसरे डीलर के जिम्मे राशन वितरण।

प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, महेशपुर के पत्रांक 65/प्र०आ०, दिनांक 19 नवंबर 2026 के आलोक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने अनुज्ञप्ति संख्या 08/04 को निलंबित कर दिया है। साथ ही सुखेन घोष से जुड़े सभी राशन कार्डधारियों को उसी पंचायत के विक्रेता नंदा कुनाई (अनुज्ञप्ति संख्या 03/2000) के साथ संबद्ध कर दिया गया है। विभाग ने प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को निर्देश दिया है कि निलंबित डीलर के पास बचा खाद्यान्न, अन्य सामग्री और ई-पॉस मशीन तत्काल दूसरे विक्रेता को सौंपें। साथ ही अपनी निगरानी में सभी कार्डधारियों को नियमित रूप से राशन वितरण सुनिश्चित कराएं।

कार्रवाई के बाद ग्रामीणों ने उठाए सवाल।

लाइसेंस निलंबित होने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। हालांकि, ग्रामीणों का सवाल है कि जब डीलर दो महीने से जेल में था तो उसकी दुकान से राशन वितरण कैसे हो रहा था? जांच के आदेश के बावजूद कार्रवाई में इतनी देर क्यों हुई? ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!