Search

November 23, 2026 10:48 pm

बांस काटने पर खूनी संघर्ष, युवक पर हंसुआ से जानलेवा हमला।

सिर पर वार करने की कोशिश में गिरे युवक के दोनों पैर हुए जख्मी, इलाज के बाद थाने में दर्ज कराई प्राथमिकी।

इकबाल हुसैन

महेशपुर (पाकुड़)। जमीन के सामने लगे बांस काटने को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर हंसुआ से हमला कर दिया गया। हमले में युवक के दोनों पैर गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना महेशपुर थाना क्षेत्र के नुराई गांव की है। पीड़ित रकीबुल शेख ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि 16 नवंबर को दोपहर करीब 12 बजे वह अपनी खरीदी हुई पांच कट्ठा जमीन के सामने रास्ते के किनारे लगे बांस काट रहा था। इसी दौरान गांव का शौकत शेख वहां पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए हंसुआ से उसके सिर पर वार करने की कोशिश की। बचने के प्रयास में वह जमीन पर गिर पड़ा और हंसुआ उसके दोनों पैरों में जा लगा। इससे उसके पैरों से काफी खून बहने लगा। आरोप है कि युवक को लहूलुहान देखकर हमलावर मौके से फरार हो गया। घायल रकीबुल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महेशपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रामपुरहाट रेफर कर दिया गया। इलाज कराने के कारण प्राथमिकी दर्ज कराने में देरी हुई। पीड़ित का दावा है कि संबंधित जमीन या आसपास आरोपी की कोई जमीन नहीं है, इसके बावजूद वह बांस पर अपना अधिकार जता रहा था और जान से मारने की धमकी दे रहा था। मामले में महेशपुर थाना में कांड संख्या 193/26 के तहत 22 नवंबर को प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!