Search

November 5, 2026 12:51 am

दीपावली-छठ पर सुरक्षा को लेकर पुलिस सतर्क, घाटों पर रहेगी विशेष निगरानी

थाना में शांति समिति की बैठक में साफ-सफाई, रोशनी, बैरिकेडिंग और यातायात व्यवस्था पर हुई चर्चा; अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी नजर

महेशपुर (पाकुड़)। दीपावली और छठ महापर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए महेशपुर पुलिस ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी कड़ी में बुधवार को महेशपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक हुई। इसमें छठ घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था से लेकर दीपावली में पटाखों के इस्तेमाल और बाजार में भीड़ नियंत्रण तक के मुद्दों पर चर्चा की गई। थाना प्रभारी अजय कुमार उपाध्याय की अध्यक्षता में हुई बैठक में विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि, मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, समाजसेवी, पूजा समिति और छठ घाट समिति के सदस्य शामिल हुए। बैठक में छठ घाटों की साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, बैरिकेडिंग और गोताखोरों की तैनाती की जरूरत पर जोर दिया गया। वहीं दीपावली के दौरान पटाखों से होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम, बाजार में भीड़ नियंत्रण और सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने पर भी विचार-विमर्श हुआ। थाना प्रभारी ने स्पष्ट कहा कि पर्व के दौरान शांति और आपसी सौहार्द बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस प्रशासन सभी प्रमुख छठ घाटों और पूजा पंडालों पर विशेष निगरानी रखेगा। बैठक में छठ घाट समिति के सदस्यों ने पानी की गहराई, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा तथा घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों की मरम्मत का मुद्दा उठाया। थाना प्रभारी ने इन समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित करने का आश्वासन दिया। बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के साथ दोनों पर्व मनाने का संकल्प लिया।

IMG 20261104 WA0016

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!