बजरंग पंडित
पाकुड़। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी थाना और ओपी प्रभारियों से अक्टूबर 2024 के लंबित कांडों का त्वरित निष्पादन करने का निर्देश दिया गया। पुलिस उपाधीक्षक और पुलिस निरीक्षक प्रभाग को लंबित पर्यवेक्षण प्रतिवेदन एक सप्ताह में समर्पित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में कोयला, बालू और पत्थर के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही लूट, डकैती, चोरी, और छिनतई जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए नियमित एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाने को कहा गया। इसके अतिरिक्त, बैंक, एटीएम, ज्वैलरी शॉप, मार्केट और मंदिरों के आसपास गश्ती दल को निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए। आगामी झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर, पुलिस अधीक्षक ने थाना क्षेत्र में उपद्रवी, आदतन शरारती तत्वों और सक्रिय अपराधियों पर निरोधात्मक कार्रवाई करने और सतत निगरानी बनाए रखने पर जोर दिया। चुनाव के दौरान अन्य जिलों से पाकुड़ में प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों और सुरक्षाबलों के आवासन स्थल पर पानी, शौचालय, बिजली आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इसके साथ ही, बलों के गमनागमन के लिए पर्याप्त वाहन उपलब्ध कराने पर भी चर्चा की गई। बैठक के दौरान अंतरराज्य और अंतरजिला चेकपोस्ट पर सख्ती से वाहन जांच अभियान चलाने का आदेश दिया गया ताकि विधानसभा चुनाव के दौरान जिले में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी जा सके।






