Search

August 17, 2026 8:29 pm

बी.एस.के. कॉलेज में छात्र समस्याओं को लेकर NSUI ने सौंपा पांच सूत्री ज्ञापन, शीघ्र समाधान की मांग

बरहरवा (साहिबगंज), 17 अगस्त 2026।
बी.एस.के. महाविद्यालय, बरहरवा में छात्र-छात्राओं की विभिन्न समस्याओं को लेकर नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) के प्रतिनिधिमंडल ने कॉलेज अध्यक्ष सोयेब अख्तर के नेतृत्व में प्रभारी प्राचार्य कविता मंडल को पांच सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने छात्रहित से जुड़े मामलों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में मुख्य रूप से यूजी सेमेस्टर-4 के अंकपत्र में त्रुटि सुधार, आंतरिक परीक्षाओं से संबंधित प्रशासनिक अनियमितताओं को दूर करने, यूजी सेमेस्टर-5 की नामांकन प्रक्रिया शुरू करने तथा आगामी परीक्षाओं के दौरान महाविद्यालय में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई।

NSUI ने बताया कि हाल ही में जारी यूजी सेमेस्टर-4 (सत्र 2023-27) के ऑनलाइन अंकपत्र में माइनर पेपर “Disaster Management (आपदा प्रबंधन)” की आंतरिक परीक्षा में उपस्थित होकर परीक्षा देने वाले कई विद्यार्थियों को अनुपस्थित (Absent) दर्शाया गया है। संगठन ने मामले की तत्काल जांच कर दो दिनों के भीतर आवश्यक संशोधन कराने की मांग की, ताकि विद्यार्थियों के भविष्य पर इसका प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।

प्रतिनिधिमंडल ने महाविद्यालय में आयोजित आंतरिक परीक्षाओं की व्यवस्था में सुधार की भी मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि कई बार परीक्षा नोटिस पर प्राचार्य अथवा परीक्षा नियंत्रक के हस्ताक्षर एवं आधिकारिक मुहर नहीं होती, मेजर और माइनर विषयों की परीक्षाएं एक ही समय निर्धारित कर दी जाती हैं तथा जारी नोटिस अचानक रद्द कर दिए जाते हैं। कई विभागों में केवल व्हाट्सएप के माध्यम से सूचना दिए जाने के कारण विद्यार्थियों को परेशानी होती है। NSUI ने आंतरिक परीक्षाओं के लिए पारदर्शी एवं व्यवस्थित व्यवस्था लागू करने की मांग की।

इसके अलावा यूजी सेमेस्टर-4 का परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद यूजी सेमेस्टर-5 (सत्र 2023-27) की नामांकन प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने की मांग की गई।

ज्ञापन में आगामी 19 अगस्त 2026 से शुरू होने वाली यूजी सेमेस्टर-2 (सत्र 2025-29) एवं एक्स-रेगुलर (सत्र 2022-26, 2023-27 एवं 2024-28) NEP परीक्षाओं के मद्देनजर महाविद्यालय परिसर में पेयजल, बिजली एवं साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी रखी गई।

साथ ही, दूर-दराज से परीक्षा देने आने वाले विद्यार्थियों के अभिभावकों की सुविधा को देखते हुए गर्ल्स कॉमन रूम एवं बॉयज कॉमन रूम को उपयोग योग्य बनाकर वहां बैठने, पंखा, बिजली, पेयजल एवं साफ-सफाई की व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की गई।

प्रभारी प्राचार्य कविता मंडल ने बताया की सभी मांगे जायज है और इसे जल्द से जल्द महाविद्यालय प्रशासन पूरा करने की कम करेगी। आंतरिक परीक्षा में अनुपस्थित का मामला को लेकर निर्देश दिया गया है कि रिपोर्ट तैयार करके विश्वविद्यालय को भेजे जाएंगे। वहीं आंतरिक परीक्षा की नोटिस को लेकर सभी शिक्षकों से विचार किए जाएंगे एवं आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे। यूजी सेमेस्टर 5 की नामांकन प्रक्रिया को लेकर महाविद्यालय प्रशासन कार्यरत है अगले कुछ दिनों में ही नामांकन प्रारंभ हो जाएगी। परीक्षा एवं कक्षा के दौरान महाविद्यालय में पेयजल बिजली की सुविधा है, अगर कोई परेशानी होती है तो इसे जल्द से जल्द दूर करने की कोशिश की जाएगी। प्राचार्य ने बताया कि गर्ल्स कॉमन रूम की स्थिति ठीक है इसे केवल साफ सफाई करके उपयोग में लिया जा सकता है तथा बॉयज कॉमन रूम के लिए विज्ञान भवन में एक रूम की व्यवस्था किया जाएगा।

NSUI कॉलेज अध्यक्ष सोयेब अख्तर ने कहा कि “छात्रों की समस्याओं और किसी भी प्रकार की लापरवाही को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। छात्रों को दी जाने वाली सभी सुविधाएं मिलनी चाहिए। छात्रहित से जुड़े प्रत्येक मुद्दे के समाधान के लिए NSUI लगातार आवाज उठाता रहेगा।”

मौके पर NSUI मीडिया प्रभारी अफजल शेख, NSUI सदस्य फैसल आलम, मुसलेउद्दीन, रबीउल इस्लाम, सरफराज नवाज, राशिद आलम सहित छात्र आमिर सोहेल, तन्नू कुमारी, सबिता कुमारी, सानिया रागिब एवं अन्य उपस्थित थे।
b4f1d995 ada4 47cc a6a5 f15837c1af8f

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!