मो. अफजल / फतेहपुर / जामताड़ा
फतेहपुर अंचल एवं थाना क्षेत्र में एनजीटी के आदेश के बावजूद सिला नदी से कथित अवैध बालू उठाव और परिवहन का मामला सामने आया है। ग्रामीणों के अनुसार चौकुंदा से लेकर बनगड़ी घाट तक लगातार बालू का उठाव किया जा रहा है। शनिवार को बनगड़ी गांव के ग्रामीणों ने इसके विरोध में प्रदर्शन करते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि बनगड़ी घाट के आसपास लगातार बालू उठाए जाने से नदी का स्वरूप प्रभावित हो रहा है। वहीं रगदापाड़ा-बनगड़ी पुल की सुरक्षा को लेकर भी ग्रामीण चिंतित हैं। ग्रामीणों के अनुसार पुल का एक स्पैन पहले ही धंस चुका है और इसके बावजूद पुल के आसपास से बालू उठाव जारी है।
रोजाना 15 से 20 ट्रैक्टर बालू उठाने का आरोप
ग्रामीणों के अनुसार प्रतिदिन करीब 15 से 20 ट्रैक्टर बालू का उठाव किया जा रहा है। उनका कहना है कि एक ट्रैक्टर बालू करीब 2500 से 3000 रुपये में बेचा जाता है। इस हिसाब से प्रतिदिन करीब 40 से 50 हजार रुपये के बालू कारोबार का अनुमान ग्रामीणों ने लगाया है।
वार्ड सदस्य फकरुद्दीन अंसारी ने कहा
बनगड़ी वार्ड संख्या-1 के वार्ड सदस्य फकरुद्दीन अंसारी ने कहा कि “बालू उठाव के कारण पुल का एक हिस्सा धंस गया है। इसके बावजूद पुल के आसपास से बालू उठाना बंद नहीं किया जा रहा है। लोग इसी पुल से जान जोखिम में डालकर आवागमन कर रहे हैं। हमलोगों ने कई बार बालू ले जाने से मना किया, लेकिन बालू उठाने वाले लोग जबरन बालू लेकर जाते हैं। अगर इसी तरह बालू उठता रहा तो पुल और नदी दोनों को नुकसान हो सकता है।”
एनुल अंसारी ने उठाए सवाल
ग्रामीण एनुल अंसारी ने कहा कि “बालू लदे ट्रैक्टर को रोककर प्रशासन को सूचना दी गई थी। प्रशासन की ओर से पीसीआर वैन भेजने की बात कही गई, लेकिन मौके पर कोई नहीं पहुंचा। जब एनजीटी का आदेश लागू है तो इस दौरान बालू का उठाव कैसे हो रहा है, इसकी जांच होनी चाहिए। प्रशासन को मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करनी चाहिए।”
उन्होंने कहा कि “पुल का एक स्पैन पहले ही धंस चुका है। अगर पुल के आसपास से इसी तरह बालू उठाया जाता रहा तो आने वाले समय में स्थिति और गंभीर हो सकती है। हम उच्च अधिकारियों से मांग करते हैं कि पूरे मामले की जांच कर अवैध बालू उठाव पर रोक लगाई जाए और पुल एवं नदी की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।”
सीओ से संपर्क का प्रयास, नहीं हो पाई बात
ग्रामीणों के विरोध प्रदर्शन के बाद मामले को लेकर फतेहपुर अंचलाधिकारी (सीओ) से कई बार फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। उनका पक्ष प्राप्त नहीं हो पाया।
थाना प्रभारी बोले, जल्द होगी कार्रवाई
मामले को लेकर थाना प्रभारी अमर सिंह तापे से पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि “पीसीआर गाड़ी को भेजते हैं। बालू चलाने वालों का मनोबल बढ़ा हुआ है। जल्द कार्रवाई की जाएगी।”
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से सिला नदी के बनगड़ी घाट पर नियमित निगरानी कराने, एनजीटी के आदेश का पालन सुनिश्चित कराने तथा पुल के आसपास हो रहे बालू उठाव की जांच कराने की मांग की है।
मौके पर फकरुद्दीन मियां, एनुल अंसारी, शाहिद मियां, मुबारक अंसारी, सलामत अंसारी, मोकिम अंसारी, जमरुद्दीन अंसारी समेत अन्य ग्रामीण मौजूद थे।







