अखंड भारत संकल्प दिवस से धर्म रक्षा दिवस तक कार्यक्रम होंगे, महेशपुर में नई प्रखंड समिति की घोषणा।
राजकुमार भगत
पाकुड़। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) की जिला बैठक शुक्रवार को जिलामंत्री की अध्यक्षता में हुई। बैठक में संगठन के आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा कर वर्षभर की गतिविधियों की रूपरेखा तैयार की गई। साथ ही प्रखंड स्तर पर होने वाले कार्यक्रमों की तिथियां और स्थान तय किए गए।
बैठक में अखंड भारत संकल्प दिवस के तहत 8 से 14 अगस्त तक जिले में एक बड़े कार्यक्रम के साथ सभी प्रखंडों में कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया। वहीं 11 से 19 अक्टूबर तक सभी प्रखंडों में दुर्गाष्टमी कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनी। विभाग स्तर पर एक स्थान पर गणवेश में शक्ति संचलन कराने पर भी चर्चा हुई।
सत्संग विस्तार सप्ताह 25 से 31 अक्टूबर तक मनाया जाएगा। इस दौरान नए सत्संग शुरू करने तथा प्रत्येक दायित्ववान कार्यकर्ता को विस्तारक के रूप में समय देकर संगठनात्मक विस्तार में भूमिका निभाने का निर्णय लिया गया। विस्तारकों के नाम और दूरभाष नंबर की सूची भी तैयार की जाएगी। बैठक में महर्षि वाल्मीकि जयंती, हुतात्मा दिवस, जनजातीय गौरव दिवस, गोपाष्टमी, शौर्य दिवस, गीता जयंती और धर्म रक्षा दिवस समेत विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। जिले में संचालित सत्संग, मिलन केंद्र, शक्ति साधना केंद्र, बलोपासना केंद्र, संस्कार केंद्र और सेवा केंद्रों की सूची तैयार करने का निर्णय लिया गया। इसमें संबंधित कार्यकर्ता का नाम, मोबाइल नंबर और स्थान दर्ज किया जाएगा।
जिला अभ्यास वर्ग के स्थान और समय को लेकर भी चर्चा हुई। प्रखंडों को अपनी सुविधा के अनुसार तिथि तय करने की बात कही गई। पूज्य अशोक सिंघल शताब्दी वर्ष और संत रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर जिले में कार्यक्रम आयोजित करने पर भी विस्तृत विचार-विमर्श हुआ। वहीं 22 नवंबर से 6 दिसंबर 2026 तक प्रस्तावित हितचिंतक अभियान को लेकर सितंबर में प्रखंड स्तर पर बड़ी बैठक आयोजित कर योजना तैयार करने पर विचार किया गया।
महेशपुर की नई समिति घोषित
बैठक में महेशपुर प्रखंड की नई समिति की घोषणा भी की गई। निर्मल भंडारी को प्रखंड अध्यक्ष, अनिकेत सिंह को उपाध्यक्ष, आकाश दत्त को बजरंग दल प्रखंड संयोजक, सागर भगत को सह संयोजक, प्रकाश मंडल को गोरक्षा प्रमुख, विजय जायसवाल को विभाग सेवा प्रमुख, विक्रम सिंह को मंत्री, रितेश वर्मा को सह मंत्री तथा असित पाल को धाम-प्रसाद प्रमुख की जिम्मेदारी दी गई। बैठक में जिला बजरंग दल से शुभम भगत, मुकेश भगत, विजय जायसवाल, विक्रम सिंह समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रखंड बैठकों की तिथि एवं स्थान भी तय किए गए। सभी प्रखंड पालकों को संबंधित प्रखंड बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का निर्णय लिया गया।
Related Posts

बापू की राह पर चलने का संकल्प, शास्त्री को भी किया नमन: गांधी जयंती पर कांग्रेस-झामुमो ने श्रद्धांजलि दी, भाजपा ने चलाया स्वच्छता अभियान।





