Search

November 12, 2026 8:58 pm

नहाय-खाय से शुरू होगा छठ महापर्व, घरों से बाजार तक छाई पर्व की रौनक

जिले के सभी प्रखंडों में छठ की तैयारियां तेज, घर-आंगन में गूंज रहे मंगल गीत।

पूजा सामग्री और फलों की खरीदारी को लेकर बाजारों में बढ़ी चहल-पहल।

पाकुड़। लोक आस्था और सूर्योपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू होगा। महापर्व को लेकर पाकुड़ जिले के पाकुड़, हिरणपुर, लिट्टीपाड़ा, महेशपुर, अमड़ापाड़ा और पाकुड़िया प्रखंड सहित शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में उत्साह का माहौल है। घरों से लेकर बाजारों तक छठ की रौनक दिखाई देने लगी है। व्रती महिला और पुरुष पूरे विधि-विधान, पवित्रता और नियम-निष्ठा के साथ पर्व की तैयारियों में जुटे हैं। छठ महापर्व के पहले दिन नहाय-खाय के अवसर पर व्रती स्नान कर शुद्धता के साथ भगवान सूर्य की पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद कद्दू की सब्जी, अरवा चावल का भात और चने की दाल सहित पारंपरिक पकवान तैयार कर भोग लगाएंगे। प्रसाद ग्रहण करने के साथ ही चार दिवसीय छठ अनुष्ठान की विधिवत शुरुआत होगी। इधर, गुरुवार को जिले के विभिन्न प्रखंडों में घरों के भीतर छठ प्रसाद तैयार करने की प्रक्रिया शुरू हो गई। व्रती महिलाओं ने गेहूं और अरवा चावल को अच्छी तरह धोकर साफ स्थानों पर धूप में सुखाया। अनाज की शुद्धता बनाए रखने के लिए महिलाएं घंटों उसकी निगरानी करती नजर आईं। इस दौरान घर-आंगन में छठ के पारंपरिक मंगल गीत गूंजते रहे। प्रसाद तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले मिट्टी के चूल्हों की भी साफ-सफाई कर उन्हें धूप में सुखाया गया।
व्रती महिलाओं का कहना है कि छठ महापर्व में स्वच्छता, पवित्रता और नियम-निष्ठा का विशेष महत्व है। प्रसाद बनाने से लेकर पूजा की प्रत्येक सामग्री तक की शुद्धता का पूरा ध्यान रखा जाता है। पर्व की परंपरा और आस्था को बनाए रखने के लिए परिवार के सभी सदस्य तैयारियों में सहयोग कर रहे हैं। छठ महापर्व की शुरुआत को लेकर जिले के प्रमुख हाट-बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है। फल, नारियल, सूप, दउरा, सब्जियों और पूजन सामग्री की दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही तेज हो गई है। वहीं, घरों और मोहल्लों में छठ गीतों की गूंज से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। चार दिवसीय महापर्व को लेकर पूरे पाकुड़ जिले में श्रद्धा, उत्साह और भक्ति का माहौल है।

IMG 20261112 WA0021
IMG 20261112 WA0022 1

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!