रक्तदान शिविर से लेकर विशेष ग्रामसभा तक होंगे आयोजन, 13-14 नवंबर को छठ घाटों पर चलेगा सफाई अभियान।
पाकुड़। झारखंड राज्य स्थापना दिवस और धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को लेकर जिले में तैयारियां शुरू हो गई हैं। 15 नवंबर को स्थापना दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जबकि 24 नवंबर को जिला स्तरीय भव्य समारोह होगा। इसकी तैयारियों को लेकर गुरुवार को समाहरणालय में उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने अधिकारियों के साथ बैठक कर विभागवार जिम्मेदारियां तय कीं। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी हों। आयोजन में जनभागीदारी, स्वच्छता और व्यवस्थाओं की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रमों को सफल बनाने की जिम्मेदारी सौंपी। स्थापना दिवस पर रक्तदान शिविर लगाया जाएगा। वहीं, जिले के सभी पंचायत भवनों में विशेष ग्रामसभा आयोजित होगी। इसमें ग्रामीणों की भागीदारी से विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा कर प्रस्ताव तैयार किए जाएंगे। इसके अलावा 13 और 14 नवंबर को जिले के छठ घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। उपायुक्त ने नगर परिषद को साफ-सफाई और जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी जाएगी। वहीं, 24 नवंबर को आयोजित जिला स्तरीय समारोह में विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों और सरकारी सेवाओं की जानकारी आम लोगों को दी जाएगी। उपायुक्त ने कहा कि झारखंड स्थापना दिवस राज्य के संघर्ष, बलिदान, जनजातीय अस्मिता और गौरवशाली विरासत को याद करने का अवसर है। इसे जनभागीदारी के साथ गरिमामय तरीके से मनाया जाना चाहिए। बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, एसडीओ, सिविल सर्जन सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद थे।








