बजरंग पंडित
पाकुड़। पाकुड़ मुफस्सिल थाना क्षेत्र के काशीला गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे दो युवकों को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। यह मामला थाना कांड संख्या 241/24, दिनांक 01.12.24, के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गिरफ्तार युवकों में विकास तुरी (पिता दिलीप तुरी) और धनंजय ठाकुर (पिता दिलीप भंडारी) शामिल हैं, जो काशीला गांव के ही निवासी हैं। पुलिस ने उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 126(2), 115(2), 76, 70(01), 62 और 3(5) बीएनएसएस के तहत मामला दर्ज किया है। घटना तब सामने आई जब ये दोनों युवक संदिग्ध नीयत से आदिवासी गांव में घूमते हुए देखे गए। ग्रामीणों को इनकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद उन्होंने सतर्कता दिखाते हुए दोनों को पकड़ लिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि युवक गांव में किसी गलत उद्देश्य से आए थे, जिससे समुदाय में असुरक्षा का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ और जांच के बाद उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
आदिवासी समाज के लोगों ने इस तरह की घटनाओं पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की है और प्रशासन से गांव की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया है पुलिस गश्ती दल का फेरा बढ़ाया जाएगा।





