साप्ताहिक हाट का कचरा बन रहा जाम का कारण, सफाई के लिए दुकानदार ने खुद संभाली जिम्मेदारी।
कई शिकायतों के बाद भी प्रशासन की पहल का इंतजार।
पाकुड़िया/पाकुड़: पाकुड़िया मुख्य बाजार में नाली की नियमित सफाई नहीं होने से दुकानदारों और स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। नाली कचरे और कीचड़ से भरकर जाम हो चुकी है। जल निकासी बाधित होने के कारण हल्की बारिश में भी गंदा पानी सड़क पर फैल जाता है। इससे बाजार में दुर्गंध फैल रही है और मच्छर-मक्खियों का प्रकोप बढ़ रहा है। समस्या का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि अमित गारमेंट्स के सामने नाली जाम होने पर दुकानदार को खुद सफाई और मरम्मत की पहल करनी पड़ी। दुकानदारों के अनुसार, बगल में लगने वाले साप्ताहिक हाट के दौरान कुछ लोग जमा कचरा नाली में डाल देते हैं। इससे नाली बार-बार जाम हो जाती है। कचरा डालने से मना करने पर विवाद की स्थिति भी बनती है। स्थानीय दुकानदारों ने इस समस्या को लेकर कई बार प्रखंड कार्यालय में शिकायत की, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। दुर्गा पूजा नजदीक होने से दुकानदारों की चिंता और बढ़ गई है। पूजा के दौरान बाजार में ग्रामीणों और आसपास के लोगों की भीड़ रहती है। ऐसे में बारिश होने पर नाली का गंदा पानी सड़क पर फैलने से खरीदारी के लिए आने वाले लोगों के साथ दुकानदारों को भी परेशानी होगी। वहीं, जमा गंदगी और दुर्गंध से संक्रमण का खतरा भी बना हुआ है।
सफाई के साथ कचरा प्रबंधन जरूरी।
स्थानीय दुकानदारों ने प्रशासन से दुर्गा पूजा से पहले नाली की समुचित सफाई कराने, साप्ताहिक हाट में कचरा जमा करने के लिए अलग व्यवस्था बनाने और नाली में कचरा डालने पर रोक लगाने की मांग की है। दुकानदारों का कहना है कि नाली का निर्माण कराने के साथ उसकी नियमित सफाई और रखरखाव भी जरूरी है। समय रहते व्यवस्था दुरुस्त नहीं हुई तो बारिश के दौरान बाजार में जलजमाव और गंदगी की समस्या और गंभीर हो सकती है।






