डीसी मेघा भारद्वाज ने खनन टास्क फोर्स को दिए सख्त निर्देश, वाहनों से लेकर चालान तक की सघन जांच के आदेश।
पाकुड़। जिले में अवैध खनन, खनिज परिवहन और भंडारण के खिलाफ अब कार्रवाई और तेज होगी। उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने मंगलवार को जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक में अधिकारियों को दो टूक निर्देश देते हुए कहा कि खनिज से जुड़े नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए और नियम तोड़ने वालों पर तत्काल कार्रवाई हो। डीसी ने सभी अंचलाधिकारियों और थाना प्रभारियों को मेजर व माइनर मिनरल्स से संबंधित नियमों का गहन अध्ययन करने और उसके अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने खनिज परिवहन में लगे वाहनों और चालानों की नियमित एवं सघन जांच के निर्देश दिए। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अवैध खनन की सूचना मिलने पर बिना देरी किए वरीय अधिकारियों को सूचना देने और नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा।
कोयला चोरी रोकने को भी सख्ती।
उपायुक्त ने कोयला चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए। कोयला परिवहन करने वाले प्रत्येक वाहन को अनिवार्य रूप से तिरपाल से ढककर परिवहन कराने को कहा। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
अमड़ापाड़ा की सड़कों को दुरुस्त करने का आदेश।
बैठक में डीसी ने अमड़ापाड़ा क्षेत्र की खराब सड़कों को दुरुस्त कराने का निर्देश डीबीएल और बीजीआर को दिया। वहीं कैटेगरी-2 बालू घाटों की समीक्षा में महेशपुर के तीन लंबित घाटों की ग्राम सभा प्रक्रिया जल्द पूरी कराने को कहा।
15 अक्टूबर तक एनजीटी के मानकों का पालन।
मेघा भारद्वाज ने राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को 15 अक्टूबर तक निर्धारित सभी मानकों का अनुपालन पूरा कराने का निर्देश दिया। साथ ही डीएलटीएफ सेल के गठन के लिए आवश्यक कार्रवाई में तेजी लाने को कहा।
बैठक में सीपीग्राम और पीजी पोर्टल से प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा की गई। डीसी ने अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। खनन विभाग के अनुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 में 2650 करोड़ 42 लाख रुपए राजस्व का लक्ष्य निर्धारित है। 28 सितंबर तक 1332 करोड़ 66 लाख रुपए राजस्व की प्राप्ति हो चुकी है। बैठक में एसडीओ, डीटीओ, जिला खनन पदाधिकारी, डीएसपी, एसडीपीओ, माइनिंग इंस्पेक्टर और थाना प्रभारी समेत संबंधित अधिकारी मौजूद थे।





