बजरंग पंडित
पाकुड़। मनिरामपुर पंचायत के दक्षिण भाग आंगनबाड़ी केंद्र (कोड: 20353050424) में बच्चों के बीच स्वेटर वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता मनिरामपुर के मुखिया मजीबूर रहमान ने की, जबकि आंगनबाड़ी केंद्र की सेविका जहानारा बीबी ने बच्चों और अभिभावकों का स्वागत किया। सर्दी के मौसम को ध्यान में रखते हुए इस पहल का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्र में पढ़ने वाले छोटे बच्चों को ठंड से बचाव के लिए स्वेटर प्रदान करना था। मुखिया मजीबूर रहमान ने इस मौके पर कहा यह हमारा प्रयास है कि आंगनबाड़ी केंद्रों में आने वाले बच्चों को बेहतर सुविधाएं और आवश्यक चीजें मिलें, ताकि वे स्वस्थ और सुरक्षित रह सकें। बच्चों का स्वास्थ्य और शिक्षा हमारी प्राथमिकता है। सेविका जहानारा बीबी ने कहा कि इस पहल से बच्चों और उनके परिवारों को काफी राहत मिलेगी। उन्होंने मणिरामपुर पंचायत के प्रयासों की सराहना की और कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों की देखभाल और पोषण के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में बच्चों और उनके अभिभावकों ने भाग लिया। बच्चों ने नए स्वेटरों को पाकर खुशी जाहिर की। स्थानीय लोगों ने पंचायत और आंगनबाड़ी की इस पहल की सराहना करते हुए इसे एक सराहनीय कदम बताया। यह कार्यक्रम न केवल बच्चों की मदद के लिए था, बल्कि यह समुदाय में शिक्षा और बच्चों की देखभाल के प्रति जागरूकता बढ़ाने का एक प्रयास भी था। पंचायत ने भविष्य में भी ऐसे प्रयास जारी रखने का आश्वासन दिया।





