चुनाव में हार-जीत लोकतंत्र का हिस्सा है,जनता की सेवा करता रहूंगा:अजहर इस्लाम।
बजरंग पंडित
पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र से पूर्व एनडीए प्रत्याशी अजहर इस्लाम ने अपने निजी आवास पर एनडीए के सभी कार्यकर्ताओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में, उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं और समर्थकों का दिल से आभार व्यक्त किया, जिन्होंने पूरे चुनाव में अपनी मेहनत और समर्पण से उनका साथ दिया। अजहर इस्लाम ने कहा, “चुनाव में हार-जीत लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन यह हमें अपने क्षेत्र के विकास और जनता की सेवा के प्रति हमारी जिम्मेदारी से पीछे नहीं हटा सकता।” उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जनता के साथ लगातार जुड़े रहें, उनकी समस्याओं को समझें और उनके समाधान में जुटे रहें। बैठक में उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पाकुड़ विधानसभा के हर नागरिक का जीवन स्तर सुधारना और क्षेत्र में विकास की नई लहर लाना उनकी प्राथमिकता बनी रहेगी। उन्होंने कहा, “यह हार एक नई शुरुआत है। आपका समर्थन और विश्वास ही हमारी असली ताकत है। हम सब मिलकर पाकुड़ को बेहतर बनाएंगे।






