अब्दुल अंसारी
सोमवार को पाकुड़िया प्रखंड के सोरला ग्राम में स्थानीय नवयुवकों की अगुवाई में एक विशाल धार्मिक जलसा का आयोजन किया गया। इस आयोजन में पश्चिम बंगाल और झारखंड के प्रतिष्ठित वक्ताओं ने शिरकत की और उपस्थित श्रोताओं को दीन और धर्म के बारे में बताया और उसका पालन करने का संदेश दिया। जलसा में मौलाना कारी गुलाम किवरिया रशीदी, मुफ्ती अमानुल्लाह, मौलाना जाकिर हुसैन सहित कई अन्य वक्ताओं ने भाग लिया और लोगों को कुरान और दीन के रास्ते पर चलने की हिदायत दी। इस अवसर पर वक्ताओं ने मुसलमानों से पांच वक्त की नमाज अदा करने, नौजवानों को सही रास्ते पर चलने, समाज में एकजुटता और हिंदू-मुस्लिम एकता कायम रखने, हज और जकात का पालन करने, और ईमानदारी को अपनाने का आह्वान किया। साथ ही, मुफ्ती साहब ने बच्चों को बेहतर तालीम देने और आधुनिक शिक्षा पद्धति अपनाने की अपील की। आयोजक अकबर अली ने बताया कि यह कार्यक्रम समाज को सही राह दिखाने और धर्म के रस्ते पर चलने के लिए आगे भी आयोजित किया जाएगा।






