बजरंग पंडित
पाकुड़। पाकुड़ प्रखंड के मध्य विद्यालय चांचकी में शिक्षा व्यवस्था की गंभीर खामियां उजागर हुई हैं। स्कूल का निरीक्षण करने पहुंचे जनसेवी अजहर इस्लाम ने स्कूल में व्याप्त समस्याओं को लेकर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि स्कूल में बच्चों की संख्या के अनुसार न तो शिक्षकों की व्यवस्था है और न ही मिड-डे मील की गुणवत्ता पर ध्यान दिया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि बच्चों के लिए पर्याप्त भोजन नहीं था और जो भोजन दिया जा रहा था, उसकी गुणवत्ता बेहद खराब थी। इसके अलावा, शिक्षकों की भारी कमी के चलते बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। अजहर इस्लाम ने इसे शिक्षा व्यवस्था और बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करार दिया। अजहर इस्लाम ने इस स्थिति को लेकर वर्तमान हेमंत सरकार और कांग्रेस के पूर्व मंत्री पर निशाना साधते हुए इसे उनकी नाकामी बताया। उन्होंने कहा कि यह बच्चों के अधिकारों का हनन है और इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि शिक्षा व्यवस्था को सुधारने के लिए तत्काल कदम उठाए जाएं। साथ ही मिड-डे मील की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए और बच्चों की संख्या के अनुसार शिक्षकों की नियुक्ति की जाए। अजहर इस्लाम ने यह भी चेतावनी दी कि अगर समय पर इस पर कार्रवाई नहीं की गई, तो वे इस मुद्दे को लेकर बड़े स्तर पर आवाज उठाएंगे। उन्होंने कहा कि बच्चों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं है। इस निरीक्षण और उनके बयान के बाद स्थानीय लोगों ने भी अपनी चिंता व्यक्त की है और प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है।






