Search

August 17, 2026 11:32 pm

घर में घुसकर मारपीट व जान से मारने की धमकी का आरोप, दो सगे भाइयों पर मामला दर्ज।

इकबाल हुसैन

महेशपुर। थाना क्षेत्र के बलियाडंगल गांव में घर में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। मामले में पार्वती देवी ने महेशपुर थाना में लिखित शिकायत देकर गांव के ही दो सगे भाइयों मनोज मिर्धा और मुन्ना मिर्धा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पुलिस को दिए आवेदन में पार्वती देवी, पति छोटा हीरालाल मिर्धा ने बताया कि 10 अगस्त की रात करीब आठ बजे वह अपने बच्चों के साथ घर में थी। इसी दौरान मनोज मिर्धा और मुन्ना मिर्धा घर में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट करने लगे। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके पति छोटा हीरालाल मिर्धा के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की, जिससे उन्हें चोट लगी।
आवेदन के अनुसार, आरोपियों ने घर में रखी तिजोरी को हथौड़े से तोड़ने का भी प्रयास किया। इसी दौरान बचाने पहुंचे छोटू मिर्धा के साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि उसका गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया गया तथा मोबाइल फोन भी छीन लिया गया। पार्वती देवी ने आरोप लगाया कि 15 अगस्त की रात करीब आठ बजे भी दोनों आरोपियों ने रास्ते में रोककर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों पर घर का मुख्य गेट तोड़ने का भी आरोप लगाया गया है। लगातार हो रही मारपीट और धमकी से परिवार के लोग भयभीत हैं। महेशपुर थाना पुलिस ने बताया कि महिला के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले में महेशपुर थाना कांड संख्या 141/26 दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!