दंत व होम्योपैथिक चिकित्सकों ने किया स्वास्थ्य परीक्षण, मरीजों को नि:शुल्क दवाइयां भी मिलीं
पाकुड़। कालिकापुर में गुरुवार को रियल लाइफ फाउंडेशन के नए शाखा कार्यालय की शुरुआत के साथ नि:शुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में दंत एवं होम्योपैथिक चिकित्सा की सुविधा उपलब्ध कराई गई। आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे करीब 350 मरीजों की नि:शुल्क जांच की गई। जरूरतमंद मरीजों को आवश्यक दवाइयां भी नि:शुल्क उपलब्ध कराई गईं। शिविर में पटना से पहुंचे डॉ. कमलेश प्रसाद (BDS), डॉ. सोनू कुमार (BDS), डॉ. अखिलेश कुमार (BDS) तथा डॉ. मो. असदुल हक (होम्योपैथिक चिकित्सक) ने मरीजों की जांच की। दंत चिकित्सकों ने दांत दर्द, मसूड़ों की समस्या और मुंह एवं दांतों की देखभाल से संबंधित परामर्श दिया। वहीं होम्योपैथिक चिकित्सक ने सर्दी-खांसी, त्वचा संबंधी समस्या, गैस, एसिडिटी, पेट दर्द सहित अन्य सामान्य बीमारियों को लेकर मरीजों की जांच कर आवश्यक सलाह दी।
शिविर में बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों सहित विभिन्न आयु वर्ग के लोगों ने पहुंचकर चिकित्सा सुविधा का लाभ लिया। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए एक ही स्थान पर जांच, चिकित्सकीय परामर्श और दवा की सुविधा मिलने से लोगों को काफी राहत मिली।
स्वास्थ्य और सामाजिक सेवा पहुंचाना उद्देश्य
फाउंडेशन के अध्यक्ष एमडी शारीफुल हक ने बताया कि संस्था शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है। कालिकापुर में शाखा कार्यालय शुरू करने का उद्देश्य स्थानीय लोगों तक स्वास्थ्य एवं अन्य सामाजिक सेवाओं को पहुंचाना है। संयुक्त सचिव डॉ. नरगिस खातून ने बताया कि संस्था का मुख्य कार्यालय मुर्शिदाबाद के चांदपुर में है। संस्था की ओर से चिकित्सा सेवा के अलावा रक्तदान शिविर, पौधा वितरण तथा गरीब एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों की सहायता जैसे कार्य भी किए जाते हैं। उन्होंने बताया कि शिविर के आयोजन से पहले स्थानीय लोगों और जरूरतमंद मरीजों से संपर्क किया गया, ताकि अधिक से अधिक लोग नि:शुल्क चिकित्सा सेवा का लाभ उठा सकें। संस्था भविष्य में भी स्वास्थ्य जांच, दवा वितरण और अन्य जनसेवा के कार्यक्रम आयोजित करने का प्रयास करेगी। कार्यक्रम में अध्यक्ष एमडी शारीफुल हक, संयुक्त सचिव डॉ. नरगिस खातून, कार्यकारी सदस्य भोद्रो प्रामाणिक, सोहिदुल शेख, अंजरुल सहित संस्था के अन्य सदस्य एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। टाउन थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता ने भी शिविर में पहुंचकर आयोजन की जानकारी ली। शिविर को सफल बनाने में डॉ. नरगिस खातून की सक्रिय भूमिका रही।









