Search

August 20, 2026 11:28 pm

राज हाई स्कूल के पीछे 8-10 दिनों से लावारिस पड़ी महिला, मदद के लिए प्रशासन से गुहार

पाकुड़। शहर के राज हाई स्कूल के पीछे पिछले 8 से 10 दिनों से एक अज्ञात महिला लावारिस हालत में पड़ी हुई है। महिला से बातचीत करने का प्रयास करने पर वह स्पष्ट रूप से कुछ बता नहीं पा रही है। लंबे समय से खुले में पड़े रहने के कारण आसपास के लोगों में उसकी सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, महिला की मानसिक स्थिति भी सामान्य नहीं लग रही है। आसपास के लोगों ने पुलिस प्रशासन से मदद की गुहार लगाई, लेकिन आरोप है कि तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के बजाय उन्हें ही महिला को कहीं पहुंचाने की बात कही गई। इससे लोग असमंजस में हैं कि महिला को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने और उसका इलाज कराने के लिए किस विभाग या संस्था से संपर्क किया जाए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पूछताछ में महिला ने अपने घर का क्षेत्र महुआडांगा बताया है, लेकिन वह अपने परिवार के अन्य सदस्यों के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रही है। ऐसे में उसके परिजनों की पहचान और सुरक्षित पुनर्वास की व्यवस्था करना प्रशासन की जिम्मेदारी बनती है। आसपास के ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल पहल करते हुए महिला को सदर अस्पताल में भर्ती कराकर स्वास्थ्य जांच एवं आवश्यक उपचार कराने की मांग की है। इसके बाद उसकी स्थिति को देखते हुए सोनाजोड़ी स्थित विद्या आश्रम में सुरक्षित रखने तथा उसके परिजनों का पता लगाकर उन्हें सौंपने की व्यवस्था करने की अपील की गई है।स्थानीय लोगों ने कहा कि महिला को यूं ही सड़क किनारे छोड़ देना किसी भी दृष्टि से उचित नहीं है। प्रशासन को मानवीय संवेदना दिखाते हुए तत्काल हस्तक्षेप कर महिला की सुरक्षा, इलाज और पुनर्वास की व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!