पाकुड़। दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर रविवार को मालपहाड़ी ओपी परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ओपी प्रभारी विवेक कुमार ने की। इस दौरान उन्होंने पूजा समितियों को सुरक्षा और विधि-व्यवस्था से जुड़े आवश्यक निर्देश दिए। ओपी प्रभारी ने कहा कि पूजा पंडालों में डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। सभी पंडालों में सीसीटीवी कैमरे और अग्निशमन यंत्र लगाना अनिवार्य होगा। पूजा समितियों को अपने स्वयंसेवकों के नाम, पता और मोबाइल नंबर की सूची ओपी में जमा करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने बताया कि सभी पूजा पंडालों का सुरक्षा मानकों के अनुसार निरीक्षण किया जाएगा। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सप्तमी से भारी वाहनों के परिचालन पर नो-इंट्री लागू रहेगी। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था करने को कहा गया। साथ ही पंडालों के आसपास पटाखे फोड़ने पर रोक रहेगी और ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित नियमों के तहत ही किया जाएगा। ओपी प्रभारी ने पूजा समितियों से पंडालों तक जाने वाली सड़कों के गड्ढों को भरकर दुरुस्त कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान शांति भंग करने वाले असामाजिक तत्वों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी। दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण संपन्न कराने में सभी लोग पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। बैठक में सीतापहाड़ी, चेंगाडांगा, नगरनवी और बहिरग्राम सहित विभिन्न गांवों के गणमान्य लोग एवं पूजा समिति के सदस्य उपस्थित थे।






