पाकुड़िया। थाना परिसर में सोमवार को क्षेत्र की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महेशपुर एसडीपीओ विजय कुमार ने की। इस दौरान थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो समेत सभी एसआई, एएसआई एवं पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, लंबित कांडों, पुलिस गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था की बिंदुवार समीक्षा की गई। एसडीपीओ ने पुलिस पदाधिकारियों को आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने, नियमित गश्ती सुनिश्चित करने तथा संदिग्ध लोगों और गतिविधियों पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया। ज्वेलरी दुकानों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई। एसडीपीओ ने बाजार के स्वर्ण आभूषण कारोबारियों से दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाने की अपील की। उन्होंने दुकानों के अंदर के साथ-साथ बाहर भी ऐसे स्थानों पर कैमरे लगाने को कहा, जहां से आने-जाने वाले लोगों और आसपास की गतिविधियों पर स्पष्ट नजर रखी जा सके।
बैठक में बाजार और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्ती एवं निगरानी बढ़ाने को लेकर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने कहा कि नियमित पेट्रोलिंग और सतर्क निगरानी के माध्यम से आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सकता है। इस दौरान थाना के विभिन्न अभिलेखों की भी जांच की गई, जिन्हें सामान्य एवं अद्यतन पाया गया। पूर्व से लंबित मामलों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को उनके त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। साथ ही आम लोगों एवं दुकानदारों से किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल थाना पुलिस को देने की अपील की गई।






