एसपी अनुदीप सिंह के निर्देश पर SIT ने की कार्रवाई, अधूरे मकान से बरामद हुई अपाचे बाइक।
पाकुड़। महेशपुर थाना क्षेत्र के खांपुर गांव से चोरी हुई अपाचे मोटरसाइकिल को पुलिस ने बरामद कर लिया है। मामले में पुलिस ने खांपुर निवासी अजफारूल शेख को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले भी चोरी समेत अन्य मामलों में जेल जा चुका है। उसकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने चोरी की बाइक विलासपुर चौक स्थित एक अर्धनिर्मित मकान से बरामद की। पुलिस के मुताबिक, 21 अक्टूबर को खांपुर गांव से बाइक संख्या JH16E3112 चोरी हुई थी। इस संबंध में मौसिहर शेख ने महेशपुर थाने में लिखित शिकायत दी थी। मामले में पुलिस ने कांड संख्या 177/2026 दर्ज कर जांच शुरू की। घटना के उद्भेदन के लिए पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर महेशपुर एसडीपीओ विजय कुमार के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया गया। एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए अजफारूल शेख को विलासपुर गांव से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बाइक चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद उसकी निशानदेही पर विलासपुर चौक स्थित अर्धनिर्मित मकान से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पहले भी दर्ज हैं मामले
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ महेशपुर थाने में वर्ष 2022 और 2024 में चोरी से संबंधित मामले दर्ज हैं। इसके अलावा वर्ष 2026 में भी उसके खिलाफ एक अन्य मामला दर्ज किया गया था। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई कर रही है। कार्रवाई में महेशपुर एसडीपीओ विजय कुमार, थाना प्रभारी अजय कुमार उपाध्याय समेत महेशपुर थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।






