राजकुमार भगत
पाकुड़। हाटपाड़ा हटिया परिसर में सड़क और नाला निर्माण की बहुप्रतीक्षित योजना का गुरुवार को शिलान्यास हुआ। नगर परिषद अध्यक्ष शबरी पाल और उपाध्यक्ष राणा ओझा ने नारियल फोड़कर एवं पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य की आधारशिला रखी। करीब 3.76 लाख रुपए की लागत से होने वाले इस कार्य से सड़क की बदहाली और जल निकासी की समस्या से स्थानीय लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। हाटपाड़ा हटिया परिसर में लंबे समय से सड़क की स्थिति खराब थी। वहीं, जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से बारिश के दिनों में कई जगह पानी जमा हो जाता था। इससे दुकानदारों, राहगीरों और आसपास के लोगों को परेशानी उठानी पड़ती थी। निर्माण कार्य शुरू होने से स्थानीय लोगों में खुशी है। शिलान्यास के बाद नगर परिषद उपाध्यक्ष राणा ओझा ने कहा कि शहर के प्रत्येक वार्ड में बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना परिषद की प्राथमिकता है। सड़क और नाला जैसी सुविधाएं सीधे लोगों के दैनिक जीवन से जुड़ी हैं। उन्होंने कहा कि जहां भी नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्या सामने आएगी, उसके समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने की बात कही। संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण कार्य कराने तथा समय पर योजना पूरी करने का निर्देश दिया गया। स्थानीय लोगों ने कहा कि सड़क और नाला बनने से आवागमन आसान होगा और बारिश के दौरान होने वाले जलजमाव से भी काफी हद तक राहत मिलेगी। लोगों ने निर्माण कार्य को जल्द और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने की मांग की।
शिलान्यास कार्यक्रम में वार्ड पार्षद निभा देवी, राखी सरदारनी, कृष्णा शर्मा, पूनम देवी, तनु दास, चेनू बीवी, राबिया बीवी, अनिकेत गोस्वामी, विमल चंद्र राउत, राजा अंसारी, गुड्डू कुमार भगत, रियाज अंसारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि व स्थानीय नागरिक मौजूद थे। कनिय अभियंता बिमल कुमार, हिसाबी राय, सुरेश अग्रवाल, आनंद मंडल, संवेदन, दीपेंद्र नाथ दूबे, अमित कुमार चौधरी और देवाशीष यादव सहित अन्य उपस्थित रहे।






