Search

May 15, 2026 12:04 am

ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य, कृषि, बुनाई उद्योग और प्रवासी मजदूरों की समस्याओं को लेकर सपा जिला अध्यक्ष ने उपायुक्त को सौंपा आवेदन।

बजरंग पंडित

पाकुड़: समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष हाजीकुल आलम ने उपायुक्त पाकुड़ को एक ज्ञापन सौंपकर जिले की विभिन्न समस्याओं और विकास से जुड़ी मांगों को सामने रखा। ज्ञापन में स्वास्थ्य सेवाओं, कृषि विकास, बुनकरों की समस्याओं और प्रवासी मजदूरों के लिए रोजगार के बेहतर अवसरों की मांग प्रमुखता से उठाई गई है। हाजीकुल आलम ने बताया कि पाकुड़ जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति बेहद दयनीय है। विशेष रूप से दूरस्थ इलाकों में चिकित्सा सुविधाओं की भारी कमी है। ज्ञापन में स्वास्थ्य सेवाओं के व्यापक विस्तार और नए चिकित्सा केंद्रों की स्थापना की मांग की गई है ताकि आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। ज्ञापन में जिले में “एक जिला-एक उत्पाद” योजना के तहत आम के उत्पादन को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया है। हाजीकुल आलम ने बताया कि इस योजना के तहत पाकुड़ में 6144 हेक्टेयर भूमि पर आम की खेती की जा रही है, लेकिन किसानों को उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। उन्होंने आम उत्पादकों के लिए प्रोसेसिंग यूनिट और कोल्ड स्टोरेज की स्थापना की मांग की ताकि किसानों को उनका उचित लाभ मिल सके। ज्ञापन में बुनाई उद्योग से जुड़े लोगों की समस्याओं पर भी प्रकाश डाला गया। आलम ने कहा कि जिले में बुनाई और जूट उत्पाद से जुड़े कारीगरों के लिए प्राथमिक बुनकर समितियों और बुनकर सहकारी समितियों के गठन की आवश्यकता है। इससे बुनकरों को रोजगार मिलेगा और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। ज्ञापन में प्रवासी मजदूरों की समस्याओं पर चिंता व्यक्त करते हुए उनके लिए रोजगार के स्थायी साधन उपलब्ध कराने की मांग की गई। साथ ही प्रवासी मजदूरों के लिए जीवन बीमा और दुर्घटना बीमा योजनाएं लागू करने की भी आवश्यकता बताई गई है ताकि उन्हें किसी भी आपात स्थिति में आर्थिक सुरक्षा मिल सके। अंत में हाजीबुक आलम ने प्रशासन से इन मांगों पर शीघ्र कार्रवाई करने की अपील की और कहा कि यह कदम जिले के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने प्रशासन को आश्वासन दिया कि समाजवादी पार्टी इन मुद्दों पर लगातार नजर रखेगी और जनता के हित में आवाज उठाती रहेगी।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!