पाकुड़ यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल को लेकर ग्राहकों में असुविधा की चिंता बढ़ गई है। हड़ताल की सूचना बैंक प्रबंधन की ओर से ग्राहकों के मोबाइल पर लगातार संदेश भेजकर दी जा रही है। इसे देखते हुए रविवार को भी बैंक शाखाएं खुली रहीं और पाकुड़ सहित पूरे जिले भर स्थित भारतीय स्टेट बैंक व ग्रामीण बैंक में ग्राहकों की भीड़ जुटी। सुबह से ही लोग नकदी निकासी, जमा सहित अन्य जरूरी बैंकिंग कार्य निपटाने के लिए शाखाओं में पहुंचे। इनमें पेंशनधारी और उम्रदराज लोग भी बड़ी संख्या में शामिल रहे। उनका कहना था कि तीन दिनों तक बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहने की स्थिति में परेशानी से बचने के लिए पहले ही जरूरी काम पूरा करना बेहतर है। क्षेत्र में बड़ी संख्या में ऐसे वृद्ध पेंशनधारी हैं, जिन्हें हाल में पेंशन की राशि मिली है और नकदी निकासी सहित अन्य जरूरी कार्यों के लिए बैंक शाखाओं पर निर्भर रहना पड़ता है। लगातार तीन दिनों की हड़ताल से इन्हें खास तौर पर परेशानी हो सकती है।बैंक प्रबंधन ने ग्राहकों से नकदी की जरूरत के लिए एटीएम व एडीडब्ल्यूएम का इस्तेमाल करने तथा इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, यूपीआई और योनो जैसी डिजिटल सेवाओं के जरिए लेनदेन करने की अपील की है। वहीं, यूनियनों की ओर से पांच दिवसीय कार्य सप्ताह समेत विभिन्न मांगों को लेकर तीन दिवसीय हड़ताल का आह्वान किया गया है।






