Search

September 27, 2026 9:10 pm

वाहन जांच में 63 पर कार्रवाई, 75 हजार का जुर्माना

बिना हेलमेट 36 बाइक चालक पकड़े गए, दो वाहनों के मॉडिफाइड साइलेंसर जब्त; अलग-अलग समय और स्थान पर जारी रहेगा अभियान

पाकुड़। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन कराने के लिए परिवहन विभाग व पुलिस ने शनिवार रात डीसी आवास चौक पर वाहन जांच अभियान चलाया। शाम 7 बजे से रात 9:30 बजे तक चले अभियान में करीब 50 से 100 वाहनों की जांच की गई। विभिन्न नियमों के उल्लंघन में 63 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए विभाग ने ₹75 हजार जुर्माना वसूलने की प्रक्रिया की। जांच में 36 दोपहिया चालक बिना हेलमेट पकड़े गए, जिन पर ₹36 हजार जुर्माना लगाया गया। वहीं 19 वाहन बिना नंबर प्लेट के मिले, जिनसे ₹9,500, जबकि बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने वाले तीन चालकों से ₹15 हजार जुर्माना वसूला गया। नशे में वाहन चलाते मिले एक चालक पर भी कार्रवाई की गई। दो बाइक में अनधिकृत मॉडिफाइड साइलेंसर लगे मिले। दोनों वाहनों को जब्त कर नगर थाना में रखा गया है। चालकों को मूल साइलेंसर के साथ थाना में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है। इसके बाद अधिकृत मैकेनिक से अनधिकृत साइलेंसर हटाकर निर्धारित साइलेंसर लगाया जाएगा। दो चारपहिया चालकों पर सीट बेल्ट नहीं लगाने के मामले में ₹2 हजार जुर्माना लगाया गया। अभियान में जिला परिवहन पदाधिकारी मोहम्मद मोजाहिद अंसारी, नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता, जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक रितेश कुमार सिंह समेत पुलिस बल मौजूद रहा।

अलग-अलग जगह और समय पर होगी जांच

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वाहन जांच अभियान एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा। अब जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में स्थान और समय बदलकर नियमित जांच की जाएगी। बकाया ई-चालान वाले वाहन भी जांच के दायरे में होंगे। लंबित चालान का भुगतान नहीं करने पर नियमानुसार वाहन जब्त करने के साथ न्यायालय के माध्यम से कार्रवाई की जा सकती है।
प्रशासन ने वाहन चालकों से हेलमेट, सीट बेल्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन, इंश्योरेंस और प्रदूषण प्रमाण-पत्र दुरुस्त रखने तथा नशे में वाहन नहीं चलाने की अपील की है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!