Search

September 22, 2026 12:40 am

वीर सिदो-कान्हू की जयंती पर मुख्यमंत्री ने दी झारखंड को विकास की नई दिशा, कई योजनाओं का उद्घाटन व परिसंपत्ति वितरण।

भोगनाडीह (पाकुड़)। वीर शहीद सिदो-कान्हू मुर्मू की जयंती के पावन अवसर पर भोगनाडीह की ऐतिहासिक भूमि पर एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भाग लिया। उन्होंने इस मौके पर विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और परिसंपत्ति वितरण कर राज्यवासियों को महत्वपूर्ण सौगात दी। जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वीर पुरखों के संघर्ष और बलिदान से प्रेरणा लेकर हमें झारखंड की सामाजिक संरचना, संस्कृति और सभ्यता को सर्वोपरि रखते हुए राज्य को विकसित राज्यों की श्रेणी में लाने का कार्य करना है। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे के विकास पर विशेष ध्यान दे रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए राज्य में इंजीनियरिंग कॉलेज, डिग्री कॉलेज, मेडिकल कॉलेज और लॉ कॉलेज की स्थापना की जा रही है। साथ ही, हर साल 50 प्रतिभाशाली छात्रों को विदेशों में शत-प्रतिशत छात्रवृत्ति के तहत उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर दिया जा रहा है। राज्य निर्माण के 25 वर्षों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधा और कहा कि जिनके हाथों में झारखंड की बागडोर थी, उन्होंने राज्य को आगे बढ़ाने के बजाय उसे दलदल में धकेल दिया। लेकिन अब युवा झारखंड खड़ा हो चुका है और यह अब चलेगा नहीं, दौड़ेगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सोरेन ने भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक ताला मरांडी और पाकुड़ राजबाड़ी की प्रतिभा पांडे को झामुमो की सदस्यता भी दिलाई। उन्हें जिला अध्यक्ष की उपस्थिति में पार्टी का पट्टा पहनाया गया। समारोह में राजमहल सांसद विजय कुमार हांसदा, विधायक कल्पना सोरेन, विधायक हेमलाल मुर्मू, राजमहल विधायक ताजुद्दीन, बोरियो विधायक धनंजय सोरेन, मुख्यमंत्री प्रतिनिधि पंकज मिश्रा, पाकुड़ जिला अध्यक्ष एजाजुल इस्लाम, उपाध्यक्ष समद अली समेत सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने और राज्य को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि झारखंड आने वाले समय में देश के अग्रणी राज्यों की पंक्ति में खड़ा होगा।

img 20250411 wa00166138604974455728873
img 20250411 wa00173707674510756704531

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!