Search

May 10, 2026 7:49 pm

ऑपरेशन ‘सतर्क’ के तहत शराब तस्कर गिरफ्तार, भारी मात्रा में शराब बरामद

पाकुड़। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टीम ने ऑपरेशन ‘सतर्क’ के तहत बुधवार को एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान नीरज कुमार निराला (44 वर्ष), पिता- स्वर्गीय बलीराम मंडल, निवासी- मंगल बाजार, थाना- कोतवाली, जिला- मुंगेर (बिहार) के रूप में हुई है। उसके पास से कुल 5 लीटर 310 मिलीलीटर विदेशी शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 5,780 रुपये है। RPF/CIB/बर्द्धमान (BWN) की टीम — जिसमें एएसआई प्रकाश नारायण और कांस्टेबल दिनेश कुमार शामिल थे — ने इंस्पेक्टर/IPF बर्द्धमान के मार्गदर्शन में रामपुरहाट रेलवे स्टेशन से खुलने वाली ट्रेन संख्या 53403 (रामपुरहाट-गया पैसेंजर) में जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान सुबह 9:05 बजे रामपुरहाट स्टेशन पर यात्रियों की गतिविधियों पर बारीकी से नजर रखी जा रही थी। इसी बीच एक व्यक्ति भारी बैग के साथ संदिग्ध अवस्था में ट्रेन में चढ़ा। संदेह होने पर RPF टीम ने उसकी तलाशी ली। पूछताछ में पहले तो आरोपी ने टीम को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन बाद में स्वीकार किया कि वह शराब लेकर बिहार जा रहा है। सूचना तत्काल RPF पोस्ट पाकुड़ को दी गई। ट्रेन पाकुड़ स्टेशन पर 10:27 बजे पहुंची, जहां आरपीएफ/पाकुड़ के एसआई संतोष कुमार और उनकी टीम की सहायता से आरोपी को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान आरोपी के बैग से 6 बोतल इम्पीरियल ब्लू (375 एमएल), 7 बोतल ब्रदर्स एंड कंपनी व्हिस्की (180 एमएल), और 10 बोतल स्टर्लिंग रिजर्व बी7 व्हिस्की (180 एमएल) बरामद की गई। आरोपी शराब की खरीद और परिवहन से जुड़े किसी भी कानूनी दस्तावेज को प्रस्तुत करने में असमर्थ रहा। बरामद शराब को विधिवत जब्त कर गवाहों की उपस्थिति में पंचनामा तैयार किया गया। आरोपी को सुबह 10:55 बजे हिरासत में लिया गया और आगे की कानूनी कार्रवाई हेतु जब्त माल समेत उत्पाद विभाग (Excise Department) के हवाले कर दिया गया। इस संबंध में पाकुड़ (झारखंड) में उत्पाद अधिनियम की धारा 47(a) के तहत मामला संख्या 12/2025-26 दर्ज किया गया है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!