Search

April 30, 2026 12:00 am

फर्जी चालान कांड में नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज, जांच में खान निरीक्षक और पुलिस टीम की भूमिका अहम

चालक अंधेरे में भागा, तीन नामजद समेत अज्ञात लोगों पर केस दर्ज।

पाकुड़। जिले में अवैध खनिज परिवहन और फर्जी चालान के जरिए राजस्व चोरी के एक मामले में पाकुड़ नगर थाना में शनिवार को प्राथमिकी दर्ज की गई है। यह मामला 15 जून 2025 की रात का है, जब पियादापुर चेकनाका पर जांच के दौरान स्टोन चिप्स से लदे एक ट्रक से फर्जी चालान बरामद हुआ था। जांच में पाया गया कि वाहन संख्या WB45-4083 पर करीब 950 घनफुट स्टोन चिप्स लदे हुए थे। जांच के दौरान जब चालक से फॉर्म ‘D’ चालान मांगा गया, तो उसने जो दस्तावेज प्रस्तुत किया, वह प्रथम दृष्टया ही संदिग्ध था। चालान में मात्र 600 घनफुट स्टोन चिप्स दर्ज था और उसमें उल्लिखित डीलर जिम्स पोर्टल पर पंजीकृत नहीं मिला। जांच शुरू होते ही चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। इसके बाद खान निरीक्षक सुबोध कुमार सिंह और नगर थाना पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को जब्त कर नगर थाना को सुपुर्द किया। ऑनलाइन जांच के बाद चालान को फर्जी पाया गया, जिससे यह साफ हुआ कि यह कार्य एक संगठित गिरोह द्वारा सुनियोजित रूप से किया गया है। स्थानीय स्तर पर की गई पूछताछ और प्रारंभिक जांच में तीन व्यक्तियों की संलिप्तता सामने आई है, जिन पर फर्जी चालान तैयार करने और अवैध खनिज परिवहन कराने का संदेह है। और उन तीनों पर पाकुड़ नगर थाना में कांड संख्या 175/25, दिनांक 21.06.2025 को खान निरीक्षक के लिखित आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामला खन एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 4 व 21, झारखंड लघु खनिज नियमावली 2004 के नियम 54, और Jharkhand Mineral (Prevention of Illegal Mining, Transportation & Storage) Rules, 2017 के नियम 7, 9 और 13 तथा भारतीय दंड संहिता/बीएनएस की सुसंगत धाराओं के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है और संलिप्त तीनों संदिग्धों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। मामले की तह तक जाने के लिए जांच तेज कर दी गई है। इस कार्रवाई को अंजाम देने में खान निरीक्षक सुबोध कुमार सिंह और नगर थाना टीम की संयुक्त भूमिका सराहनीय रही, जिनकी सतर्कता से यह मामला प्रकाश में आया और राजस्व चोरी का एक बड़ा प्रयास विफल हो गया।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!