Search

August 11, 2026 2:40 am

महेशपुर-काठसल्ला मार्ग पर अंधेरा, सोलर लाइट लगाने की उठी मांग।

इकबाल हुसैन

महेशपुर/पाकुड़। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर महेशपुर प्रखंड के ग्रामीणों ने प्रखंड कार्यालय से काठसल्ला तक मुख्य मार्ग पर सोलर लाइट लगाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की स्थिति ठीक है, लेकिन शाम ढलते ही पूरे मार्ग पर अंधेरा छा जाता है। इससे राहगीरों, महिलाओं, स्कूली बच्चों, मरीजों और दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों के अनुसार प्रखंड कार्यालय से अम्बेडकर चौक, अम्बेडकर चौक से तेलियापोखर व सीलमपुर चौक तथा भगत सिंह चौक से सिमपुर होते हुए काठसल्ला तक का मार्ग क्षेत्र के प्रमुख इलाकों को जोड़ता है। इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। अंधेरा रहने के कारण रात में दुर्घटना और असुरक्षा की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि उनकी मांग सड़क निर्माण या मरम्मत की नहीं, बल्कि पूरे मार्ग पर पर्याप्त रोशनी की है। लोगों ने जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से जल्द सोलर लाइट लगाने की पहल करने की अपील की है।

विधानसभा में उठेगा मामला

झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य उपासना मरांडी ने ग्रामीणों की मांग को जायज बताते हुए कहा कि महेशपुर-काठसल्ला मार्ग क्षेत्र की जीवनरेखा है। सड़क ठीक होने के बावजूद रोशनी की व्यवस्था नहीं होने से लोगों को रात में परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि जल्द ही महेशपुर विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी के समक्ष मामला रखा जाएगा। जरूरत पड़ी तो विधानसभा में भी इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया जाएगा, ताकि पूरे मार्ग पर सोलर लाइट लगाने की पहल हो सके। झामुमो जिला संगठन सचिव अनारुद्दीन मियां ने कहा कि महेशपुर से काठसल्ला तक का मार्ग हजारों लोगों की रोजमर्रा की जरूरत से जुड़ा है। रात में अंधेरा रहने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। सरकार को प्राथमिकता के आधार पर यहां सोलर लाइट लगाने की दिशा में कदम उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि झामुमो ग्रामीणों की इस मांग को लेकर लगातार आवाज उठाएगी।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!