पाकुड़। नगर थाना क्षेत्र के छोटी अलीगंज में गुरुवार को 25 वर्षीय नवविवाहिता गीता कुमारी ने बुआ के घर फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। परिजन उसे आनन-फानन में सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। गीता की शादी इसी वर्ष मार्च में दुमका में हुई थी। बताया गया कि शादी के बाद वह ससुराल नहीं गई और मायके में ही रह रही थी। आत्महत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।
सूचना पर नगर थाना के एसआई मिथुन रजक पुलिस बल के साथ सदर अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, परिजनों से पूछताछ की जा रही है और मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।





