Search

September 26, 2026 10:09 am

हाइवा की चपेट में आए युवक की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने किया कोयला परिवहन मार्ग जाम।

मुआवजे की मांग पर अड़े परिजन, पुलिस ने मौके पर पहुंच संभाला मोर्चा

पाकुड़/अमड़ापाड़ा। बरमसिया गांव के पास गुरुवार को कोयला परिवहन पथ पर उस वक्त हंगामे की स्थिति बन गई, जब एक युवक की हाइवा की चपेट में आने से मौत हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर कोयला परिवहन मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया और मुआवजे की मांग करने लगे। मृतक की पहचान बरमसिया गांव निवासी बिष्णु मरांडी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बिष्णु मरांडी अपने साथी राजेन्द्र हांसदा के साथ गोपीकांदर थाना क्षेत्र के दुर्गापुर गांव से लौट रहे थे। इसी दौरान दुमका-पाकुड़ मुख्य पथ के धोबरना गांव के समीप एक अज्ञात हाइवा ने दोनों को चपेट में ले लिया।
घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में उन्हें सीएचसी अमड़ापाड़ा लाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए दुमका रेफर कर दिया गया। दुमका ले जाते वक्त रास्ते में बिष्णु मरांडी ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही अमड़ापाड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों को समझाने-बुझाने में जुट गई। हालांकि समाचार लिखे जाने तक जाम जारी था और परिजन प्रशासन से मुआवजे की स्पष्ट घोषणा की मांग पर अड़े हुए थे। ग्रामीणों का आरोप है कि कोयला परिवहन में लगे भारी वाहनों की तेज रफ्तार से आए दिन हादसे हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन पूरी तरह उदासीन बना हुआ है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!