पाकुड़। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर दुर्गा सोरेन सेना की ओर से रविवार शाम गांधी चौक में छात्र-युवाओं, प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थियों और आदिवासी समाज से जुड़े मुद्दों को लेकर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। संगठन ने JPSC-JSSC भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्ष जांच और योग्य अभ्यर्थियों के अधिकारों की रक्षा की मांग को लेकर चल रहे छात्र-युवा आंदोलन को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की है। संगठन के जिला अध्यक्ष उज्ज्वल भगत ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में युवा वर्षों मेहनत करते हैं। ऐसे में भर्ती प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों और शिकायतों का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध समाधान जरूरी है। संगठन ने जांच में दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई, भर्ती परीक्षाओं में जवाबदेही और अभ्यर्थियों की शिकायतों के प्रभावी समाधान की मांग उठाई है।
कार्यक्रम में पाकुड़ के KKM कॉलेज में स्नातक की करीब तीन हजार सीटें घटाए जाने के मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाया जाएगा। संगठन ने संबंधित विभाग और प्रशासन से सीटों में कमी के कारण तथा विद्यार्थियों पर इसके प्रभाव की आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की है। दुर्गा सोरेन सेना का कहना है कि शिक्षा के अवसरों से जुड़े किसी भी निर्णय में छात्रों और अभिभावकों को विश्वास में लिया जाना चाहिए।
संगठन ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस केवल संस्कृति और पहचान के सम्मान का अवसर नहीं, बल्कि शिक्षा, रोजगार और समान अवसर के अधिकार के लिए संकल्प लेने का दिन भी है। कार्यक्रम में JPSC-JSSC भर्ती प्रक्रिया, युवाओं के अधिकार और KKM कॉलेज की सीटों समेत छात्र-युवाओं से जुड़े अन्य मुद्दों पर चर्चा होगी। संगठन ने छात्र-युवाओं, अभ्यर्थियों, सामाजिक संगठनों और जागरूक नागरिकों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।





