बिजली, सड़क, नाला, चापाकल व जाति-निवास प्रमाण पत्र की समस्याएं उठीं; समाधान का दिया भरोसा।
पाकुड़। सदर प्रखंड के इशाकपुर पंचायत में गुरुवार को पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आलमगीर आलम ने क्षेत्र भ्रमण कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। उन्होंने चंद्रपाड़ा, महरू मोड़ तथा इशाकपुर शैतानखाना मोड़ पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का भरोसा दिलाया।
इस दौरान ग्रामीणों ने बिजली की अनियमितता, चापाकल की समस्या, पीसीसी सड़क, नाला निर्माण सहित कई बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं पूर्व मंत्री के समक्ष रखीं। ग्रामीणों ने जाति एवं निवास प्रमाण पत्र बनवाने में हो रही परेशानी का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना था कि प्रमाण पत्र के अभाव में सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के साथ-साथ बच्चों की पढ़ाई और अन्य जरूरी कार्यों में भी परेशानी हो रही है। आलमगीर आलम ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों से समन्वय कर समाधान की दिशा में आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का विकास और लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता रही है। जनसमस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित स्तर पर आवश्यक पहल की जाएगी।
क्षेत्र भ्रमण के दौरान ग्रामीणों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया। विभिन्न स्थानों पर ग्रामीणों एवं कार्यकर्ताओं ने पूर्व मंत्री का स्वागत किया तथा स्थानीय समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्रीकुमार सरकार, प्रखंड अध्यक्ष मंसारूल हक, देबू विश्वास, सेलीम शेख, मो. नसीम शेख, आपतार शेख, जलालुद्दीन शेख सहित अन्य मौजूद थे।









