Search

August 28, 2026 8:44 pm

नवजात का सुराग बताने वाले को मिलेगा एक लाख का इनाम

पाकुड़ पुलिस की जनता और मीडिया से अपील।

पाकुड़। नगर थाना क्षेत्र के महुआडांगा-तलवाड़ांगा गांव से रहस्यमय तरीके से गायब हुए पांच दिन के नवजात का चार दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिल सका है। मासूम की बरामदगी को लेकर पाकुड़ पुलिस ने अब आम लोगों और मीडिया से सहयोग की अपील करते हुए नवजात के संबंध में विश्वसनीय सूचना देने वाले को एक लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। इसकी घोषणा शनिवार को पाकुड़ के पुलिस अधीक्षक ने की। पुलिस ने अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति ने नवजात को कहीं देखा है अथवा उसके संबंध में कोई जानकारी मिली है तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मासूम की तलाश में पुलिस का सहयोग कर उसे जल्द बरामद कराने में मदद करें। इधर, नवजात की तलाश में पुलिस लगातार अभियान चला रही है, लेकिन घटना के चार दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। बुधवार को दुमका सीआईडी की डॉग स्क्वायड टीम भी तलवाड़ांगा पहुंची। खोजी कुत्ते की मदद से घटनास्थल और आसपास के कई संभावित स्थानों पर सघन तलाशी ली गई, लेकिन टीम को भी कोई ठोस सुराग नहीं मिला। नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि नवजात की बरामदगी के लिए पुलिस हरसंभव प्रयास कर रही है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस ने खास तौर पर जनता और मीडिया से अपील की है कि मासूम से जुड़ी छोटी से छोटी जानकारी भी पुलिस तक पहुंचाएं। एक सूचना मासूम को उसके परिवार तक पहुंचाने में अहम साबित हो सकती है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!