पोर्टल पर आंकड़े अपडेट करने और पंचायत स्तर पर निगरानी बढ़ाने पर जोर
पाकुड़। जिले में विकास योजनाओं की धीमी रफ्तार और लंबित कार्यों को लेकर उप विकास आयुक्त अरविंद कुमार लाल ने सोमवार को अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने आवास योजनाओं में तेजी लाने, लंबित मामलों का प्राथमिकता से निष्पादन करने और पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने का निर्देश दिया। बैठक में VB-GRAMG, आवास, पंचायती राज और जेएसएलपीएस की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
डीडीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं की प्रखंड और पंचायत स्तर पर नियमित निगरानी करें। जिन कार्यों में देरी हो रही है, उनकी पहचान कर बाधाएं दूर करें। साथ ही, विभागीय पोर्टल पर आंकड़े और प्रगति रिपोर्ट समय पर अपडेट करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही और अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
आवास निर्माण की गति बढ़ाने पर जोर।
आवास योजनाओं की समीक्षा के दौरान स्वीकृत आवासों और निर्माण की स्थिति की जानकारी ली गई। डीडीसी ने अधिकारियों और प्रखंड समन्वयकों को अधूरे आवासों की पहचान कर लाभुकों से संपर्क करने तथा निर्माण में आ रही समस्याओं का समाधान कराने का निर्देश दिया। क्षेत्र भ्रमण कर योजनाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लेने को भी कहा।
स्वयं सहायता समूहों को मजबूत करने का निर्देश
जेएसएलपीएस की समीक्षा में ग्रामीण आजीविका बढ़ाने और महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने पर जोर दिया गया। डीडीसी ने स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियों को प्रभावी बनाने और पात्र परिवारों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। वहीं, पंचायती राज विभाग को पंचायत स्तर पर लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कराने और अभिलेखों को अद्यतन रखने को कहा। बैठक में जिला पंचायत राज पदाधिकारी प्रीतिलता मुर्मू, डीपीएम जेएसएलपीएस प्रवीण मिश्रा, जिला समन्वयक आवास निभा कुमारी सहित सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी, अभियंता और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।








