Search

October 7, 2026 9:02 pm

‘वोट चोर गद्दी छोड़’ के नारे के साथ इंडिया गठबंधन का हल्लाबोल, मुख्य चुनाव आयोग के इस्तीफे की मांग।

एसआईआर में मतदाता सूची से नाम हटाने का लगाया आरोप; शिबू सोरेन चौक से कलेक्ट्रेट तक निकलेगा मार्च, राष्ट्रपति के नाम डीसी को सौंपेंगे ज्ञापन

पाकुड़। जिला कांग्रेस कार्यालय में बुधवार को इंडिया गठबंधन के घटक दलों की संयुक्त प्रेस वार्ता हुई। कांग्रेस प्रदेश कोऑर्डिनेटर उदय लखवानी, जिला अध्यक्ष श्रीकुमार सरकार और राजद जिला अध्यक्ष महावीर मड़ैया समेत गठबंधन के नेताओं ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर चुनाव आयोग की कार्यशैली पर सवाल उठाए। नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। नेताओं ने दावा किया कि SIR के दौरान देशभर में करीब 13 करोड़ नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। यह आंकड़ा विभिन्न राज्यों की ड्राफ्ट मतदाता सूचियों में हुई कटौती के आधार पर सामने आया है। हालांकि, गठबंधन नेताओं के अन्य आरोप राजनीतिक दावे हैं और चुनाव आयोग SIR को मतदाता सूची को शुद्ध करने तथा पात्र मतदाताओं के नाम सुनिश्चित करने की प्रक्रिया बताता है।

ईवीएम की जगह बैलेट पेपर की मांग

प्रेस वार्ता में नेताओं ने ईवीएम के इस्तेमाल पर भी सवाल उठाते हुए कम से कम एक बार बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग की। उनका कहना था कि इससे निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों का समाधान हो सकेगा। नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची में पारदर्शिता और प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है।

शिबू सोरेन चौक से निकलेगा मार्च

इंडिया गठबंधन ने गुरुवार 8 अक्टूबर को सुबह 11 बजे शिबू सोरेन चौक से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकालने की घोषणा की है। मार्च के बाद राष्ट्रपति के नाम उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा जाएगा। नेताओं ने ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ अभियान के तहत आंदोलन को आगे जारी रखने की बात कही। प्रेस वार्ता में मानसारुल हक, असद हुसैन, प्रमोद डोकानिया, शाहीन परवेज, अमीर हमजा उर्फ मिस्टर शेख, पप्पू गंगवानी, ए. गांगुली, बेलाल शेख, सेमिनूल इस्लाम, कृष्णा यादव, सेलिम मंसूरी, मिथुन मरांडी, नजरुल अंसारी, नजरुल इस्लाम समेत अन्य नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!