Search

September 26, 2026 8:59 am

खैरा कांदर तिराहे के पास जर्जर पुलिया बना जानलेवा, ग्रामीणों ने नई पुलिया निर्माण की उठाई मांग।

अब्दुल अंसारी

पाकुड़िया (पाकुड़): प्रखंड के यज्ञ मैदान से खैरा कांदर, जुगगुड़िया समेत कई गांवों को जोड़नेवाली मुख्य सड़क पर खैरा कांदर तिराहे के पास स्थित पुराना पुलिया अब जानलेवा बन चुका है। पुलिया के बीचोबीच बना बड़ा सुराख हादसे को दावत दे रहा है, जिससे कभी भी बड़ी दुर्घटना घट सकती है। ग्रामीणों ने बताया कि यह पुलिया वर्षों पुराना है और अब पूरी तरह जर्जर हो चुका है। सुराख इतना बड़ा हो गया है कि रात के अंधेरे में वाहन या पैदल गुजरनेवाले व्यक्ति को किसी बड़ी अनहोनी का सामना करना पड़ सकता है। स्थानीय निवासी नाफिल मियां, सिकंदर अंसारी, सुधीर कुमार, संजय रजक और वर्षण हेंब्रम समेत कई लोगों ने जर्जर पुलिया को तत्काल तोड़कर नए पुलिया के निर्माण की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि यह मार्ग कई गांवों को जोड़ता है और प्रतिदिन सैकड़ों लोग इसका उपयोग करते हैं। ऐसे में यदि इसे शीघ्र मरम्मत नहीं किया गया, तो जनहानि से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से इस पुलिया की अविलंब मरम्मत अथवा पुनर्निर्माण की अपील की है।

जनहित में तत्काल कार्रवाई की आवश्यकता

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर शीघ्र ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो वे आंदोलन को मजबूर होंगे। लोगों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन से इस दिशा में तुरंत हस्तक्षेप की मांग की है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!